उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

श्री बाबा केदार बालक छात्रावास के वार्षिकोत्सव पर पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज

छात्रावास में अध्ययनरत नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के लिए दिए 2 लाख 51 हजार रुपये।

चारधाम यात्रा से प्रदेश की आर्थिकी हुई सुदृढ़: महाराज

केदारनाथ विधायक ने मदमहेश्वर व तुंगनाथ धाम की यात्रा को केदारनाथ धाम की तर्ज पर संचालित करने की रखी मांग

रुद्रप्रयाग। उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति द्वारा संचालित श्री बाबा केदार बालक छात्रावास गुप्तकाशी का वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नौनिहालों व समाज को संस्कारवान बनाने में राष्ट्रीय स्वयं सेवक का हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक की प्रेरणा से ही गुप्तकाशी में बाबा केदार बालक छात्रावास का निर्माण हुआ है। उन्होंने नौनिहालों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि नौनिहालों का प्रदर्शन काबिलेतारीफ रहा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आगामी चार धाम यात्रा चुनौती पूर्ण होगी। इसलिए चार धाम आने वाले उम्र दराज तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य निदेशालय व आम जनमानस से सुझाव मांगें जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा में उम्मीद से ज्यादा तीर्थ यात्रियों के आने से प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ हुई है। धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार तीर्थाटन व पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसलिए प्रदेश सरकार ने 12 गढ़वाल व 12 कुमाऊं के तीर्थस्थलों को शैव सर्किट के रूप में विकसित किया है और नागराजा सर्किट को विकसित करने की कवायद पूरी हो चुकी है। कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के समय देश की आर्थिकी बुरी तरह प्रभावित हो गयी थी, मगर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुशल नेतृत्व का परिचय देते हुए मेक इन इंडिया के तहत देश में ही वैक्सीन बनाने का कार्य शुरू करवाया तथा आज देश का हर व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यो की तारीफ कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। रेलवे परियोजना के निर्माण के कारण प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री का श्रीनगर दौरा प्रस्तावित हो चुका है। शीघ्र ही रेल परियोजना से प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। उन्होंने छात्रावास में अध्ययनरत नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने आरएसएस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आरएसएस की बदौलत आपदा प्रभावित असहाय व गरीब नौनिहालों को आसरा मिला है। आपदा के बाद केदारघाटी सहित अन्य तीर्थ व पर्यटक स्थलों की आर्थिकी सुदृढ़ होने तथा कार्तिक स्वामी पर्यटन सर्किट को विकसित करने में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मदमहेश्वर व तुंगनाथ धाम की यात्रा को केदारनाथ धाम के तर्ज पर संचालित करने की मांग की। साथ ही केदारनाथ विधानसभा में आपदा से क्षतिग्रस्त मंदिरों के पुनर्निर्माण सहित त्रियुगीनारायण मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग की। इसके अलावा विधायक ने केदारनाथ विधानसभा के अंतर्गत विभिन्न मोटरमार्गो के चैड़ीकरण व डामरीकरण की मांग की तथा भविष्य में केदारनाथ यात्रा को वन-वे संचालित करने के लिए वैकल्पिक मोटरमार्ग के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने श्री बाबा केदार बालक छात्रावास के रख-रखाव के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वार्षिकोत्सव में मुख्य वक्ता आरएसएस के प्रान्त सेवा प्रमुख पवन कुमार ने कहा कि आरएसएस ही नहीं, बल्कि पूरे हिन्दू समाज के रक्त में हमेशा से ही निस्वार्थ सेवा भाव रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव दया या उपकार से नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को अपने सामाजिक दायित्व को समझकर सेवा करनी चाहिए।

वार्षिकोत्सव में विशिष्ट अतिथि केदारघाटी के प्रमुख उद्योगपति कुशाल सिंह नेगी ने छात्रावास में अध्ययनरत छात्रों के पठन पाठन के लिए 1 लाख 25 हज़ार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।आपदा पीड़ित सहायता समिति के अध्यक्ष डीएस पुजारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम से पूर्व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सिद्धपीठ कालीमठ में पूजा अर्चना कर प्रदेश के खुशहाली की कामना की। उनके कालीमठ घाटी आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन दिया।

इस अवसर पर विभाग प्रचारक शरद, संघ के जिला कार्यवाहक जगदीश जग्गी, विभाग कार्यवाहक प्रहलाद पुष्पण, मदन सिंह नेगी, ब्लॉक ऊखीमठ प्रमुख श्वेता पांडेय, बीकेटीसी सदस्य श्रीनिवास पोस्ती, केदारनाथ नगर पंचायत अध्यक्ष देव प्रकाश सेमवाल, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कुँवरी बर्थवाल, विनोद देवशाली, गम्भीर बिष्ट, जयंती कुर्मांचली, सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि , भाजपा कार्यकर्ता व नौनिहाल एवं स्थानीय जनता मौजूद रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!