
लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। तुंगनाथ घाटी की ग्राम करोखी में भगवती चण्डिका के नव निर्मित मन्दिर में तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हो गया है। तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ के आयोजन से तुंगनाथ घाटी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। महिलाओं द्वारा पौराणिक धार्मिक भजनों के माध्यम से भगवती दुर्गा के अनेक रुपों की महिमा का गुणगान किया जा रहा।
शुक्रवार को विद्वान आचार्य दिनेश मैठाणी द्वारा ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। सरलीकरण यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर पण्डित अजय मैठाणी, अनिल मैठाणी व सुधीर नौटियाल द्वारा अनेक प्रकार की धार्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया गया।
तीन दिवसीय सरलीकरण यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन से क्षेत्र में समृद्धि व खुशहाली बनी रहती है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भटट् ने कहा कि भगवती चण्डिका के नव निर्मित मन्दिर के लगभग 7 लाख व्यय हुआ है तथा मन्दिर निर्माण में केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत व ग्रामीणों का अहम योगदान रहा है। तीन दिवसीय सरलीकरण यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर चण्डिका मन्दिर निर्माण में अहम योगदान देने वाले, मन्दिर निर्माण के लिए भूमि दान देने वाले तथा मन्दिर प्रवेश द्वार निर्माण में अहम योगदान देने वाले ग्रामीणों को शाल ओढकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य उषा भटट्, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नन्दन सिंह, वन पंचायत सरपंच पुष्कर सिंह पटवाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष कल्पेश्वरी रावत, कुलदीप रावत, थापा देवी, शिव सिंह रावत, विष्णु दत्त नौटियाल, पूर्ण सिंह पटवाल, लक्ष्मी देवी, भीम सिंह पंवार, बिक्रम सिंह पंवार, सुनीता भटट्, गजपाल सिंह पटवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु व ग्रामीण मौजूद थे।



