उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

तल्लानागपुर की जनसमस्याओं पर बैठक, मांगों पर कार्रवाई न होने पर 22 जुलाई से होगा चोपता में क्रमिक अनशन 

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। रूद्रप्रयाग जनपद के तल्लानागपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी की अध्यक्षता में चोपता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक लंबित मामलों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 22 जुलाई से चोपता में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र की अनेक विकास योजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से लंबे समय से अधर में लटके राजकीय पॉलिटेक्निक के अधूरे भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा तथा उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बैठक में चोपता में व्यवस्थित पार्किंग निर्माण की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यटन सीजन में वाहनों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए चोपता में आधुनिक पार्किंग का निर्माण समय की आवश्यकता है। बैठक में तुंगनाथ–तल्लानागपुर पेयजल योजना के पुनर्गठन तथा नैणी देवी–तल्लानागपुर पेयजल योजना के फेस-2 निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि पेयजल योजनाओं के अधूरे रहने से क्षेत्र के अनेक गांवों में गर्मी और पर्यटन सीजन के दौरान पेयजल संकट गहरा जाता है। स्थायी समाधान के लिए इन योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने एकमत से निर्णय लिया कि यदि सरकार और संबंधित विभागों द्वारा इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो 22 जुलाई से चोपता में क्रमिक अनशन प्रारंभ किया जाएगा। आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए आवश्यकता पड़ने पर इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप भी दिया जाएगा। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा, पर्यटन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया तथा शासन-प्रशासन से जनहित में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गम्भीर बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोकुल लाल टमटा, प्रधान आजाद खत्री, अखिलेश नेगी, दलीप सजवाण, दिनेश सेमवाल, उत्तम रावत, कविता देवी, साधना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा, दिनेश नेगी, निर्मला देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनवर राणा, मगन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, चन्द्र बल्लभ चमोला, अमित प्रदाली, बृजमोहन नेगी, पंचम नेगी, यशपाल रावत, जीत सिंह मेवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष योगम्बर कुनियाल, दीप राणा, गणेश नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!