
बिपिन सेमवाल
गुप्तकाशी। गुप्तकाशी क्षेत्र की गंदगी को खाकरा गदेरे में डालने से भैंसरी के ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। सोमवार को भैसारी के ग्रामीणों द्वारा गांव से होते हुए गुप्तकाशी बाजार में रैली निकालते हुए प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी भी की।
सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र सिंह ने कहा कि गत कई वर्षों से व्यापार मंडल गुप्तकाशी में कार्यरत सफाई कर्मियों तथा स्थानीय लोगों द्वारा बेखौफ गुप्तकाशी त्रिवेणी मोड़ के निकट खाखरा गधेरे में इस गंदगी को फैंका जा रहा हैं, जिस कारण पॉलिथीन तथा प्लास्टिक पदार्थ गधेरे के मुहाने पर लगकर इसके वेग को अन्यत्र स्थानांतरित कर रहे हैं। जिस कारण बरसाती सीजन में ग्रामीणों के कई नाली खेत बर्बाद हो चुके हैं। साथ ही गांव अब भूस्खलन की जद में आ गया है। उन्होंने कहा कि जब व्यापार मंडल गुप्तकाशी से बात हुई, तो उन्होंने बताया कि जिला पंचायत इस सफाई का निस्तारण करता है, लेकिन जिला पंचायत के अधिकृत अधिकारी कहते हैं कि फिलहाल डंपिंग जोन होने से दिक्कत आ रही है ,लेकिन इसका निराकरण प्रशासन स्तर पर ही किया जाएगा ।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र गुप्तकाशी क्षेत्र में कूड़े कचरे के निस्तारण के लिए उचित डंपिंग जोन की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीणों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।



