शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ में त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ आगाज

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ आगमन पर जीआईसी के खेल मैदान में त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हो गया है। त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विद्यालयों व महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले में बालीबाल व बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले के प्रथम दिन बतौर देव अतिथि शिरकत करते हुए रावल भीमाशंकर लिंग ने कहा कि मदमहेश्वर मेले के आयोजन की परम्परा युगों पूर्व की है तथा मदमहेश्वर मेला धार्मिक आध्यात्मिक व सांस्कृतिक परम्पराओं को अपने आंचल समेटे हुए है।
त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले के उद्घाटन अवसर पर केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि भगवान मदमहेश्वर के हिमालय से ऊखीमठ आगमन पर लगने वाले मदमहेश्वर मेले के आयोजन से नौनिहालों को उचित मंच मिल रहा है वहीं इन मेलों के आयोजन से आपसी सौहार्द का प्रतीक भाव उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि मदमहेश्वर मेले में शिरकत करने से मन को अपार शान्ति की अनुभूति हुई है। विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्वेता पाण्डेय ने कहा कि मदमहेश्वर मेले का आयोजन युगों से हो रहा है तथा मेला समिति के अथक प्रयासों से मेला भव्य रूप ले रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मन्दिर समिति के कार्यधिकारी आर सी तिवारी ने कहा कि भविष्य में मदमहेश्वर मेले को और भव्य रूप देने की सामूहिक पहल की जायेगी। मेला समिति अध्यक्ष व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। जबकि मेले का संचालन तेज प्रकाश त्रिवेदी व विजेन्द्र नेगी ने सयुक्त रूप से किया। मेले के शुभारंभ अवसर पर मदमहेश्वर कीर्तन मण्डली डगवाडी, भारत सेवा आश्रम सरस्वती शिशु मन्दिर, जी आई सी, राजकीय कन्या हाई स्कूल, टोनमोटेश्वरी, एवरग्रीन, प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल पठाली, महिला मंगल दल संसारी, महिला मंगल दल कण्डारा क्यूजा घाटी सहित विभिन्न विद्यालयों व स्थानीय महिला मंगल दलों व कीर्तन मण्डिलयो के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले में स्वास्थ्य, उद्यान, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, कृर्षि, प्रजापति ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को विभागीय जानकारियां दी जा रही है।
इस मौके पर मन्दिर मन्दिर समिति सदस्य रणजीत सिंह राणा, प्रधान पुजारी शिवशंकर लिंग, शिव लिंग, धर्माधिकारी ओकार शुक्ला, वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी, नवीन मैठाणी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, पूजा देवी, रवीन्द्र रावत, प्रधान गुड्डी राणा क्षेत्र पंचायत सदस्य उषा भटट्, तहसीलदार दीवान सिंह राणा , प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी, राजस्व उप निरीक्षक दिवाकर डिमरी सहित मेला समिति पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि , विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।



