उत्तराखंड

99 करोड़ की लागत से निर्मित कुंड गुप्तकाशी मोटर मार्ग नहीं झेल पाया पहली बरसात 

रिपोर्ट / बिपिन सेमवाल व लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठ/गुप्तकाशी। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा लगभग 99 करोड़ की धनराशि लगाने के बाद भी हाल ही में निर्मित कुंड गुप्तकाशी मोटर मार्ग कई स्थान पर क्षतिग्रस्त हो गया है। भैसारी गांव के निकट लगभग 10 मीटर सड़क जमीदोज हो चुकी है, जिस कारण यह स्थान जानलेवा बना है। लेकिन यक्ष प्रश्न यह है कि आखिरकार जब इस स्थान पर कई वर्षों से जमीन लगातार धंस रही थी, फाउंडेशन को क्यों मजबूत नही किया गया। दरअसल काकडा गुप्तकाशी मोटर मार्ग कई वर्षों से क्षतिग्रस्त एवं जानलेवा बना हुआ था। आलम यह था, कि इस स्थान पर केदारनाथ पहुंचने वाले यात्री आठ से दस घंटे के जाम में फंसे रहते थे। स्थिति को देखते हुए मार्च माह में राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा लगभग 99 करोड रुपए की धनराशि का यह आठ किलोमीटर मोटर मार्ग का सुधारीकरण, डामरीकरण , पुश्ते और स्क्रबर निर्माण किया गया, लेकिन डामरीकरण के कुछ ही दिनों बाद कई स्थानों पर मोटर मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए । हाल ही में हुई बरसात के बाद कालीमठ बैंड के निकट भैसारी में राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग दस मीटर धंस चुका है। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई वाहन चालक इस मार्ग से नहीं गुजर रहा था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर कई वर्षों से धंसाव जारी था, ऐसे में बिना पक्के प्लम या पुश्ते दिए हुए आखिरकार आखिरकार क्यों क्षत्रिग्रस्त मार्ग पर डामर बिछाया गया। दूसरी ओर कुंड में पुल क्षतिग्रस्त होने से गुप्तकाशी कुंड मोटर मार्ग फिलहाल बंद किया गया है। लेकिन कालीमठ बैंड डायवर्जन पर ना तो कोई पुलिस बल तैनात है ,ना ही एनएच विभाग द्वारा आवाजाही बंद संबंधित कोई साइन बोर्ड ही लगाया गया है, जिस कारण गुप्तकाशी से रुद्र प्रयाग आदि स्थानों की ओर जा रहे दोपहिया वाहन चालक कुंड तक जा रहे हैं, बाद में वहां पर बंद होने से वह बैरंग वापस आ रहे हैं। बिगत कई दिनों से साइन बोर्ड के संबंध में विभाग को अवगत कराने के बाद भी अभी तक ना ही साइन बोर्ड यहां पर लगा है, ना ही क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के सुधारीकरण का ही कार्य किया जा रहा है।
वही अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि शीघ्र इस स्थान पर साइन बोर्ड लगाया जाएगा और धंसे मोटर मार्ग पर मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!