श्रद्धालुओं के लिए खुले बाबा केदारनाथ धाम के कपाट

श्रद्धालुओं के लिए खुले बाबा केदारनाथ धाम के कपाट
केदारनाथ। ग्यारवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। अब आने वाले छह महीने के लिए भक्त बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
पौराणिक परंपरा के अनुसार मंगलवार सुबह 6:15 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट खोल दिए गए। इससे पूर्व प्रातः केदार बाबा की पंचमुखी मूर्ति का श्रंगार किया गया, भोग लगाया गया व पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात पंचमुखी डोली को मंदिर परिसर में लाया गया। बाबा के सील बंद कपाट को प्रशासन, मंदिर समिति एवं हक हकूकधारियों की मौजूदगी में खोल दिए गए। बाबा भोले अपने धाम में विराजमान हो गए। कपाट खुलने के अवसर पर दस हज़ार के करीब श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। बाबा के कपाट खुलते ही जयकारों से केदारनाथ धाम गूंज उठा। सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर केदारनाथ धाम में बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।



