खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही, अभियान के दौरान मिलावटी मिठाइयां और एक्सपायरी सामान किया नष्ट

रुद्रप्रयाग। खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने एवं आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा खाद्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में औचक निरिक्षण किया गया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 23 फरवरी को नगर पंचायत तिलवाड़ा के मुख्य बाजार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ किराना (ग्रोसरी) दुकान में एक्सपायर खाद्य सामग्री पाई गई, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। संबंधित दुकानदार को मौके पर ही कड़ी डांट-फटकार लगाई गई तथा समस्त एक्सपायर सामग्री को तत्काल प्रभाव से नष्ट करवाया गया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न दोहराने के सख्त निर्देश दिए गए।
गहन जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंटों में पुरानी एवं संदिग्ध गुणवत्ता की मिठाइयाँ पाई गईं। निरीक्षण में स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता मानकों के पालन में भी कमी पाई गई, जिस पर संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी एवं फटकार दी गई। जनस्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए पाई गई समस्त पुरानी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, समाप्ति तिथि की नियमित जांच, स्वच्छ रसोई व्यवस्था बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
सचिव महोदया ने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।



