उत्तराखंड

उपचुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल की एसपी रुद्रप्रयाग ने ली ब्रीफिंग, क्षेत्र में किया रूट मार्च

उपचुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल की एसपी रुद्रप्रयाग ली ब्रीफिंग

एसपी रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में कस्बा अगस्त्यमुनि में किया गया रूट मार्च

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ विधान सभा उप निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित कराने के लिए क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि में उप-चुनाव ड्यूटी में नियुक्त होने वाले समस्त सुरक्षा कार्मिकों की पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कोंडे ने ब्रीफिंग की गयी।
मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग जी.एस. खाती ने पुलिस बल को सम्बोधित करते हुए बताया कि स्वतंत्र निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव हेतु हम सभी वर्तमान समय में भारत निर्वाचन आयोग के अधीन प्रतिनियुक्ति पर हैं, ऐसे में हमें अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करना है।
इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी 07-केदारनाथ विधान सभा/उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला ने उपस्थित पुलिस बल का स्वागत करते हुए बताया कि आप में से अधिकांश ने इस प्रकार की ड्यूटियां पहले भी की हैं, परन्तु इस बार विशेष परिस्थितियों में उप-चुनाव हो रहा है। ऐसे में सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही ढंग से करना है। वोटिंग हेतु आने वाली जनता के साथ मधुर व्यवहार करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिये गये।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने उपस्थित सभी कार्मिकों को सम्बोधित करते हुए बताया कि हर चुनाव की ड्यूटी यादगार होती है तथा हरेक चुनाव के साथ ही कुछ न कुछ नया अनुभव अवश्य मिलता है। ड्यूटी अवधि में यदि कोई भी कार्मिक नशे की हालत में मिलता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। इस उपचुनाव में हर किसी की नजर हम पर रहेगी। इसलिए ऐसा कोई भी कृत्य न करें जिससे कि सभी की छवि खराब हो। उपस्थित पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री अमित कुमार ने सोनप्रयाग में पैरामिलिट्री फोर्स की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपस्थित सुरक्षा कार्मिकों को निम्नानुसार दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी कार्मिकों को अपनी निर्धारित वर्दी धारण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रत्येक कार्मिक को उसका निर्धारित परिचय पत्र सहित जनपद स्तर पर तैयार किया गया चुनाव ड्यूटी कार्ड रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया। अपनी ड्यूटी के दौरान मृदु व्यवहार रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया। संयत एवं सभ्य भाषा का प्रयोग करने तथा अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार एवं दृढ़ रहने हेतु निर्देशित किया गया।
पोलिंग बूथ से सम्बन्धित सभी कार्मिक यह सुनिश्चित कर लेंगे कि, वे कल प्रातः 7ः30 बजे यहीं क्रीड़ा मैदान में आकर उनके कार्ड में अंकित वाहन संख्या से सम्बन्धित वाहन में बैठ जाएंगे, सम्बन्धित पोलिंग पार्टियां स्वतः ही उस वाहन में आ जाएंगी। इस हेतु सभी वाहनों को तरतीब वार पार्किंग पर लगाया गया है।
क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि से पोलिंग बूथ हेतु रवाना होने पर सीधे अपने गन्तव्य पर ही रुकेंगे, किसी भी प्रकार से रास्ते में या कहीं पर भी अल्प विश्राम ने किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस बात का ध्यान रखा जाए कि चुनाव से सम्बन्धित विशेष कर पोलिंग ड्यूटियों में कोई भी कार्मिक अपने निजी वाहन का प्रयोग नहीं करेगा। पैरामिलिट्री फोर्स को अवगत कराया गया कि उनकी टीम सम्बन्धित पोलिंग पार्टी के साथ अलग वाहन से जाएगी, परन्तु दोनों वाहन साथ ही चलेंगे। स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया गया कि ईवीएम सुरक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी आपकी है। सुरक्षा का मतलब सुरक्षा से है पर इसका मतलब यह कदापि नहीं होना चाहिए कि आप ईवीएम को अपनी अपनी अभिरक्षा (कब्जे) में लेंगे और न ही आपके द्वारा इसका वहन (कैरी) यानि लाने ले जाने की कार्यवाही की जायेगी। यह भी सुनिश्चित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया कि, अपने पोलिंग बूथ पर पहुंचने के उपरान्त कोई भी सुरक्षा कर्मी अपने स्थान से अन्यत्र नहीं जायेगा, अवगत कराया गया कि, वहां पर सभी व्यवस्थाएं की गयी हैं। उपलब्ध व्यवस्थाओं के अतिरिक्त किसी बाहरी माध्यम से दी जाने वाली सुविधाओं का परित्याग किये जाने हेतु निर्देशित किया गया, अपना हर कार्य पूर्ण निष्पक्षता के साथ किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
मतदान दिवस को शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी भी पोलिंग बूथ पर नियुक्त सुरक्षा कार्मिकों की ही है, साथ ही लोगों की लाइन लगवाई जाये। मतदान दिवस को मतदान प्रारम्भ से समाप्ति तक कोई भी सुरक्षाकर्मी मतदान कक्ष में प्रवेश नहीं करेगा, यदि किन्हीं सुरक्षा कारणों से पीठासीन अधिकारी द्वारा बुलाया जाता है, केवल ऐसी दशा में ही मतदान कक्ष में जा सकेंगे तथा वांछित कार्य पूर्ण कर तुरन्त अपनी सुरक्षा से सम्बन्धित ड्यूटियों को निर्वहन किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। मतदान की एक गरिमा होती है तथा यह गोपनीय तरीके से की जाने वाली प्रक्रिया होती है, इस बात का निश्चित ही ध्यान रखा जाये कि, कोई भी व्यक्ति अपना फोन मतदान कक्ष में न ले जाये और न ही वहां की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी करे। आज सायंकाल से प्रचार इत्यादि भी बंद हो जायेगा तथा इस बात को भी सुनिश्चित किया जाये कि, सम्बन्धित पार्टियों के लोग मतदेय स्थल से निर्धारित दूरी अधिकतम 200 मीटर से अधिक की दूरी पर रहेंगे। इस सम्बन्ध में अपने पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी से भी उचित समन्वय बना लिया जाये। स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि, ड्यूटी अवधि में किसी भी प्रकार के नशीले एवं मादक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे।
उपस्थित जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों तथा इनसे सम्बन्धित कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि, उनकी ड्यूटी ब्रीफिंग के उपरान्त से ही प्रारम्भ हो गयी है, सभी अपने प्रभारी अधिकारियों व कार्मिकों से आपसी समन्वय बना लेंगे।
थाना, चौकियों, क्रीड़ा मैदान, मुख्यालय हेतु अलग से रिजर्व कार्मिक एवं वाहन उपलब्ध कराये गये हैं, इनका अभी से उपयोग किया जाये तथा फोर्स की निरन्तर विजिबिलिटी दिखाई देनी चाहिए।
20 नवम्बर 2024 को होने वाले मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से सम्बन्धित विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल सहित सहायक बल की तैनाती की गयी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से 02 जोन व 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। चुनाव ड्यूटी में 01 राजपत्रित अधिकारी, 09 निरीक्षक, 36 उपनिरीक्षक, 21 अपर उपनिरीक्षक, 100 मुख्य आरक्षी, 168 आरक्षी, 40 महिला आरक्षी, 188 होमगार्ड, 210 पीआरडी, 1 कम्पनी पीएसी व 3 कम्पनी अर्ध सैन्य बल की लगी हैं।
ब्रीफिंग के उपरान्त पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में समस्त पुलिस बल द्वारा कस्बा अगस्त्यमुनि में रूट मार्च किया गया। वहीं सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में कोतवाली सोनप्रयाग व गुप्तकाशी क्षेत्रान्तर्गत रूट मार्च किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!