एसपी रुद्रप्रयाग ने सोनप्रयाग में की व्यापारियों के साथ बैठक

रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में सोनप्रयाग में यात्रा के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मण्डल, टैक्सी यूनियन, घोड़ा-खच्चर संघ और डण्डी-कण्डी यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में एसपी ने बताया कि सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों एवं नेपालियों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। यात्रा के दौरान व्यवसाय हेतु आने वाले नए व्यक्तियों का भी तत्काल सत्यापन किया जाएगा। यात्रा के दौरान किसी भी कार्य हेतु स्थानीय स्तर पर अपने साथ रखने वाले नेपालियों का पुलिस सत्यापन करवाए जाने हेतु उपस्थित सभी से अपील की गई।
उन्होने अवगत कराया कि नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगाने और उनके स्तर से ठहराये जाने वाले यात्रियों की आईडी व विवरण सुरक्षित रखने की हेतु बताया गया।
यात्रियों के साथ अनावश्यक विवाद से बचने के लिए सभी होटल और दुकानों पर सामग्री की रेट लिस्ट लगाने साथ ही यात्रा के दौरान सड़कों पर वाहनों को अनाधिकृत रूप से खड़ा करने पर पाबंदी के बारे में बताया गया।
सुरक्षित यात्रा के दृष्टिगत प्रत्येक घोड़े-खच्चर के साथ एक हॉकर का होना अनिवार्य है की जानकारी दी गई तथा संचालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने हेतु बताया गया।
डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सूचित करने हेतु जागरुक किया गया।
बैठक के अन्त में सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, यूनियनों और व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन को आगामी यात्रा सीजन के दौरान पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।



