उत्तराखंडखास खबरें

रुद्रप्रयाग में व्यावसायिक गैस आपूर्ति को लेकर नई व्यवस्था लागू, कनेक्शन लेने की अपील

जनपद रुद्रप्रयाग में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए एलपीजी गैस आपूर्ति को व्यवस्थित करने हेतु नई व्यवस्था लागू की गई है। मध्य पूर्व एशिया में जारी संघर्ष के कारण द्रवीकृत प्राकृतिक गैस के शिपमेंट में आई बाधा के चलते गैस उत्पादन, आपूर्ति और वितरण प्रभावित हुआ है। इसी के मद्देनजर भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा राज्य सरकार द्वारा संशोधित एसओपी जारी की गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार राज्य को दैनिक आवश्यकता के सापेक्ष प्राप्त व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में से जनपद रुद्रप्रयाग के लिए 5 प्रतिशत का आवंटन निर्धारित किया गया है। इस सीमित आपूर्ति के कारण गैस एजेंसियों द्वारा केवल पंजीकृत व्यावसायिक गैस कनेक्शन धारकों को ही वरीयता के आधार पर सिलेण्डर वितरित किए जा रहे हैं।
जनपद में वर्तमान में 3047 व्यावसायिक गैस कनेक्शन पंजीकृत हैं, जो चारधाम यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दृष्टिगत अपर्याप्त माने जा रहे हैं। विशेष रूप से सोनप्रयाग से केदारनाथ पैदल मार्ग पर संचालित अस्थायी प्रतिष्ठानों के पास व्यावसायिक कनेक्शन न होने के कारण उन्हें गैस आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने स्पष्ट किया है कि बिना व्यावसायिक गैस कनेक्शन के सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं है। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित एवं अवैध है।
वहीं, जिला प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, गेस्ट हाउस, होमस्टे, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, औद्योगिक कैंटीन, स्वयं सहायता समूहों तथा चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित अस्थायी प्रतिष्ठानों सहित सभी व्यावसायिक इकाइयों से अपील की है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी गैस एजेंसियों से संपर्क कर व्यावसायिक गैस कनेक्शन प्राप्त करें, ताकि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!