गुप्तकाशी में भारी बोल्डर गिरने से दुकान ध्वस्त, लाखों का नुकसान

गुप्तकाशी में भारी बोल्डर गिरने से दुकान ध्वस्त, लाखों का नुकसान
गुप्तकाशी। केदारघाटी में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा सामने आया है। गुप्तकाशी स्थित जीएनवीएन (GMVN) के समीप देर रात पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर गिरने से एक दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकान स्वामी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा नीचे आ गिरा। बोल्डरों की चपेट में आने से हाईवे किनारे बनी दुकान पूरी तरह तबाह हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि दुकान में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।
दुकान स्वामी ओम प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि करीब मंगलवार सुबह तड़के एक से डेढ़ बजे के बीच पहाड़ी से बोल्डर मलबा आने से दुकान में रखा सामान ध्वस्त हो गया,आस पास के लोगों द्वारा उन्हें सूचना दी गई रात्रि में अंधेरा अत्यधिक होने तथा बारिश से कुछ दिखाई नहीं दिया प्रातः जिला प्रशासन ओर आपदा प्रबंधन को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि एक दो दिन पूर्व ही दुकान में लाखों का स्पोर्ट्स का सामान लाया गया था जिसकी विद्यालयों में सप्लाई जानी थी। उससे पूर्व ही यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि संबंधित एनएच विभाग को पहले भी पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की जानकारी दी गई थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य किए गए होते तो इस तरह का नुकसान नहीं होता।



