उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग में सनसनीखेज मामला : नाबालिग छात्रा ने दिया बच्ची को जन्म, दुष्कर्म की आशंका

रुद्रप्रयाग में सनसनीखेज मामला : नाबालिग छात्रा ने दिया बच्ची को जन्म, दुष्कर्म की आशंका।

रुद्रप्रयाग।  जनपद में एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा, जो कक्षा 9 की बताई जा रही है, ने एक नवजात कन्या को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार परिजन छात्रा को पथरी की शिकायत बताकर जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल ले गए थे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे श्रीनगर बेस चिकित्सालय रेफर किया, जहां अल्ट्रासाउंड जांच में गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इसके बाद छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया।

घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा तुरंत बाल कल्याण समिति को दी गई। समिति के निर्देश पर नवजात शिशु को स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी रुद्रप्रयाग के सुपुर्द किया गया है।
11वें दिन प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में बच्ची का नामकरण संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया।
एजेंसी के प्रबंधक पुनीत चौकियाल के अनुसार बच्ची फिलहाल सुरक्षित है और दो माह बाद भारत सरकार के कारा पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इधर, नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका को लेकर मामला गंभीर हो गया है। छात्रा ने अभी तक कथित आरोपी का नाम उजागर नहीं किया है। वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

(नोट: नाबालिग की पहचान गोपनीय रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है।)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!