सीतापुर में व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन, पार्किंग में व्याप्त अनियमिताओं के विरोध में प्रतिष्ठान किए बंद

फाटा। केदारनाथ यात्रा के अहम पड़ाव सीतापुर स्थित पार्किंग में अनियमिताओं को लेकर आज व्यापार संघ सीतापुर एवं होटल एसोसिएशन केदारघाटी द्वारा संयुक्त रूप से जुलूस प्रदर्शन निकाला गया। व्यापारियों के साथ जिला प्रशासन की कोई वार्ता न होने से नाराज व्यापारियों ने दोपहर बाद विरोध स्वरूप अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
बता दें, गत दिनों से सीतापुर पार्किंग में बिस्तर लगाकर कर शुल्क वसूले जाने का व्यापार संघ सीतापुर एवं होटल एसोसिएशन ने लगातार विरोध दर्ज किया था। पूर्व में भी व्यापारियों ने अपना विरोध प्रकट कर केदारनाथ विधायक एवं जिला प्रशासन को पत्र दिया।
वहीं आज सीतापुर के व्यापारी एवं होटल व्यवसाई, व्यापार संघ अध्यक्ष सीतापुर कल्पेश चौहान एवं होटल एसोसिएशन सचिव मनोज सेमवाल के नेतृत्व में सीतापुर स्थित जटा शंकर चौक पर एकत्रित हुए। जहां से व्यापारियों ने अपना जुलूस पार्किंग स्थल तक निकाला। पार्किंग क्षेत्र में कुछ देर रुकने के बाद किसी सक्षम अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि से वार्ता न होने से नाराज व्यापारियों ने विरोध स्वरूप दोपहर बाद सीतापुर बाजार में अपने प्रतिष्ठान बंद किए।
व्यापार संघ अध्यक्ष सीतापुर कल्पेश चौहान ने बताया कि लंबे समय से व्यापार संघ एवं होटल एसोसिएशन सीतापुर पार्किंग में बिस्तर बिछाए जाने सहित अन्य अनियमिताओं को लेकर अपना विरोध प्रकट कर रहा है, जिसको लेकर लगातार शासन प्रशासन को मौखिक एवं लिखित रूप में अवगत किया गया, लेकिन शासन प्रशासन द्वारा व्यापारियों को कोई सुध नहीं ली गई जिस से आहत व्यापारियों को मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। आज व्यापारियों द्वारा सीतापुर बाजार के से बायपास होकर पार्किंग स्थल तक जुलूस निकाला गया।
होटल एसोसिएशन के सचिव मनोज सेमवाल ने बताया कि जिला प्रशासन व्यापारियों के हितों को अनदेखा कर रहा है। पार्किंग में विश्रामालय को गद्दे बिछाकर कर यात्रियों से मनमाफिक शुल्क वसूल कर सुलाया जा रहा है,जोकि सरासर गलत है।उन्होंने कहा आज उनके द्वारा जुलूस निकालकर आक्रोश व्यक्त किया गया। किसी सक्षम अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से आक्रोशित व्यापारियों ने अपने दोपहर बाद अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध प्रकट किया।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन व्यापारियों की सुध नहीं लेता है तो मजबूरन उन्हें लंबे आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष सोनप्रयाग अंकित गैरोला, चारधाम होटल एसोसिएशन उपाध्यक्ष प्रेम गोस्वामी, मंजीत गजवान, अशोक सेमवाल, अशोक कुनियाल, राजकुमार कुनियाल, खुशाल सिंह रावत, लखन गोस्वामी, किशन चौहान सहित समस्त व्यापारी मौजूद रहे।



