दु:खद खबर : घर के आंगन में खेल रही बच्ची को तेंदुए ने बनाया निवाला

नैनीताल। जनपद के कालाढूंगी में तेंदुए के आतंक से लोग दहशत में है। गुरुवार देर सांय वार्ड नंबर एक में घर के आंगन में खेल रही एक 5 वर्षीय बच्ची को तेंदुए ने निवाला बना लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह की 5 वर्षीय बेटी गौरी शाम को करीब 6:30 बजे के लगभग अपने घर के आंगन में खेल रही थी कि अचानक घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। इस बात की खबर जब परिजनों को लगी तो उन्होंने मासूम की खोजबीन शुरू की करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव घर से कुछ ही दूरी पर एक बगीचे में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम व तहसीलदार ने पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भिजवाया। आबादी के बीच घटित घटना से ग्रामीणों में दहशत है। घटना के बाद रेंजर मुकेश जोशी घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने परिवार जनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।



