15 अप्रैल से शुरू होंगे चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण

15 अप्रैल से शुरू होंगे चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण
देहरादून। उत्तराखंड में महत्वपूर्ण चारधाम यात्रा 10 मई से शुरू होने जा रही है। चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा। बता दें कि, चारों धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से ही प्रारंभ होंगे।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने इसकी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है। वेबसाइट, एप, टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप के माध्यम से यात्री पंजीकरण करा सकेंगे। इस बार किसी भी धाम के लिए यात्रियों की संख्या सीमित करने का प्रावधान फिलहाल नहीं रखा गया है। चारों धामों के कपाट खुलने की तिथियां और मुहूर्त तय होने के संबंध में बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति और गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की समितियां का पत्र मिलने के बाद उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद यात्रा के लिए पंजीकरण प्रारंभ करती है। बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री के कपाट खुलने का मुहूर्त तय हो चुका है, जबकि यमुनोत्री धाम का मुहूर्त 14 अप्रैल को यमुना जयंती के अवसर पर होना है।
सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे ने बताया कि यमनोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त तय होते ही अगले दिन चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण प्रारंभ कर दी जायेंगे। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इन माध्यमों से होगा पंजीकरण।।
वेबसाइट
registrationandtouristcare.uk.gov.in
व्हाट्सप नंबर 91-8394833833 (टाइप करें ‘yatra’ )
टोल फ्री 0135 1364



