उत्तराखंडखास खबरें

पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू 

लक्ष्मण सिंह नेगी।

आन्दोलनकारियों ने अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि ।
विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने पहुंचकर दिया समर्थन।
ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ के उच्चीकरण सहित क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार से तहसील परिसर में शुरू हो गया। आन्दोलन की शुरुआत से पूर्व आन्दोलनकारियों ने उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आन्दोलनकारियों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
धरने के प्रथम दिन विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आन्दोलन स्थल पर पहुंचकर आन्दोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र धार्मिक, पर्यटन एवं सीमांत दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के बावजूद यहां की स्वास्थ्य सेवाएं अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित नहीं हो पाई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर क्षेत्र की बड़ी आबादी के साथ ही तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की स्वास्थ्य जरूरतें भी निर्भर रहती हैं। ऐसे में केन्द्र का उच्चीकरण समय की आवश्यकता है।
आन्दोलनकारियों का कहना है कि ऊखीमठ तहसील के दूरस्थ गांवों में रहने वाली जनता को गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक स्थिति में उपचार के लिए जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग अथवा अन्य बड़े अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है। आपातकालीन परिस्थितियों में दूरी और सीमित संसाधनों के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा उन्हें अनावश्यक रूप से दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लंबे समय से मांग उठाई जाती रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण जनता को आन्दोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की।
आन्दोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आन्दोलन जारी रहेगा। धरने के दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि ऊखीमठ की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना पूरे क्षेत्र की सामूहिक आवश्यकता है और इसके लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होना होगा। धरने के प्रथम दिन नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवन्त रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष आरती शैव, वन पंचायत सरपंच पवन राणा, छात्र नेता विराट भट्ट ने धरना दिया।
धरना स्थल पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य कण्डारा अजयवीर भण्डारी, पूर्व सदस्य गणेश तिवारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी , अंकुर रौथाण , लक्ष्मण रावत , प्रधान गौण्डार अनूप पंवार, दैडा़ प्रेम सिंह नेगी सहित विभिन्न गांवों की महिला मंगल दलो ने आन्दोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की पहली आधारशिला है। पहाड़ी क्षेत्रों में इसकी महत्ता और भी बढ़ जाती है। इसलिए सरकार को जनभावनाओं को समझते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। इस मौके पर गुरिल्ला संगठन जिला अध्यक्ष बसन्ती रावत, सभासद सरला रावत, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत, महेन्द्र बर्त्वाल, कर्मवीर कुंवर, कर्मवीर बर्त्वाल, नवदीप नेगी, बलवीर धर्म्वाण, रविन्द्र रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष मिथला धर्म्वाण, डां अंजनेश पंवार, भूपेन्द्र राणा, प्रताप धर्म्वाण, राजेन्द्र धर्म्वाण, महावीर सिंह नेगी, महिपाल बजवाल, मनवर धर्म्वाण, महिपाल सिंह पुष्वाण सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!