पर्यटक गांव सारी में भव्य नन्दा मेले की तैयारियां पूरी शुक्रवार को भगवती नन्दा आगमन व भजन संध्या से होगा मेले का आगाज

लक्ष्मण सिंह नेगी।
नौनिहालों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुति और महिला मंगल दलों के झुमैलो बनेंगे आकर्षण
ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती नन्दा के पर्यटक गांव सारी आगमन पर आयोजित होने वाले भव्य नन्दा मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को भगवती नन्दा के आगमन और भजन संध्या के साथ मेले का विधिवत आगाज होगा। दो दिवसीय धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में खासा उत्साह बना हुआ है।
मेले की प्रथम भजन संध्या में नौनिहालों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की शानदार प्रस्तुति, महिला मंगल दलों के पारंपरिक झुमैलो तथा जय केदार कला मंच की ओर से प्रस्तुत हमारी नन्दा की कथा मुख्य आकर्षण रहेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां नई पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, वहीं उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
शनिवार को मेले का मुख्य आकर्षण पारंपरिक बगड़वाल नृत्य रहेगा। दोपहर में बगड़वाल नृत्य के साथ भव्य नन्दा मेले का आयोजन किया जाएगा। भगवती नन्दा की आराधना से जुड़े इस पारंपरिक आयोजन में लोक आस्था, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसके बाद शाम को आयोजित होने वाली भजन संध्या में कुमारी शिवानी की शानदार प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेगी।
वन पंचायत सरपंच देवेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मण्डाण सांस्कृतिक ग्रुप की ओर से प्रस्तुत अर्जुन नागलोक यात्रा भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पारंपरिक लोकनाट्य एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित इस प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को क्षेत्र की प्राचीन लोक परंपराओं और पौराणिक मान्यताओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
मेले के आयोजन को लेकर मेला समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। समिति के अध्यक्ष जगदीश नेगी, सचिव उपेन्द्र भट्ट, कोषाध्यक्ष गजपाल भट्ट, उपाध्यक्ष हर्ष मोहन सिंह नेगी , सह सचिव धर्मेन्द्र भट्ट , सांस्कृतिक सचिव शंकर भट्ट, श्रीमती बबीता देवी, श्रीमती प्रिया देवी, समिति सदस्य देवेन्द्र सिंह नेगी , हनुमंत सिंह नेगी, अंकित सिंह नेगी, आनन्द सिंह नेगी सहित सभी जनप्रतिनिधिय व समस्त ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति पदाधिकारियों के अनुसार, भगवती नन्दा के आगमन से सारी गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मेले के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जा रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी ने बताया कि पर्यटक गांव सारी में आयोजित होने वाला यह नन्दा मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की लोक संस्कृति और सामुदायिक एकता का भी प्रतीक बनेगा। दो दिवसीय आयोजन में भक्ति संगीत, पारंपरिक नृत्य और पौराणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के दर्शन होंगे।



