अवैध शराब के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किए नेपाली मूल के तस्कर

श्री केदारनाथ धाम यात्रा में असामाजिक तत्वों के नापाक इरादों पर है जिला प्रशासन और पुलिस की नजर
पुलिस ने अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किए नेपाली मूल के तस्कर
रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सफल एवं सुगम संचालन के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस पवित्र यात्रा में व्यवधान पैदा करने और असामाजिक गतिविधियां फैलाने के नापाक इरादे भी रखते हैं। ऐसे जिला प्रशासन एवं पुलिस की मुस्तैदी से ऐसे लोगों पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में थाना अगस्त्यमुनि पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत चैकिंग के दौरान तीन अलग-अलग प्रकरणों में 03 नेपालियों को अवैध शराब के साथ गौरीकुंड से गिरफ्तार किया है। जिनके विरुद्ध थाना अगस्त्यमुनि पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की गयी है।

पैदल यात्रा मार्ग से सबसे महत्त्वपूर्ण पड़ावों में शामिल गौरीकुंड में इन असामाजिक तत्वों के नापाक इरादों पर पानी फेरते हुए पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि यात्रा मार्ग या किसी भी अन्य क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब या किसी अन्य नशे की तस्करी न करें। ऐसा करने वालों पर सख्ततम कार्रवाही की जाएगी।
इधर, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि यात्रा के आरंभ से अब तक अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 22 मुकदमें दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं 27 अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया गया है। बताया कि अब तक कुल 512 अवैध शराब की बोतलों सहित 72 केन बियर व 5 लीटर कच्ची शराब बरामद की जा चुकी हैं जिनका अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख रुपए से अधिक है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भी अवैध शराब पर कार्यवाही जारी रहेगी।



