तीर्थपुरोहितों ने विभिन्न मांगो को लेकर जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन।

तीर्थपुरोहितों ने विभिन्न मांगो को लेकर जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन।
गुप्तकाशी। श्रीकेदारनाथ धाम में हो रही अनियमितताओं को लेकर केदार सभा केदारनाथ ने जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार से वार्ता कर अपनी प्रमुख मांगों का ज्ञापन प्रेषित किया।
बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचे जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग का तीर्थपुरोहितों ने फूल मालाओं से स्वागत किया, तीर्थपुरोहितों ने धाम में उनके साथ हो रही अनियमिताओं को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया जिसमे मुख्य, वर्ष 2013 की आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए भवनों एवं धर्मशालाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्मित करके भवन स्वामियों के दिया जाए। साथ ही वर्ष 2015 से वर्तमान समय तक जितने भी भवनों के अनुबंध किए गए हैं पहले उनका निराकरण करके अन्य भवनों का अनुबंध किया जाय, ताकि धाम में तीर्थयात्रियों एवं तीर्थ पुरोहितों हेतु व्यवस्थाएं बनी रहे।
तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि केदारनाथ धाम में मुख्य मंदिर के अतिरिक्त कुछ अन्य मंदिर नव दुर्गा मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर तथा उदक कुंड थे। जो कि 2013 की आपदा में बह गए, जिनका धाम में विशिष्ट महत्व था। इस सभी मंदिरों का भक्तों की आस्था को देखते हुए पुर्ननिर्माण शीघ्र किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि श्री केदारनाथ धाम में विभिन्न हेली कंपनियों द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर सेवाओं में प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कंपनियों द्वारा की जा रही है, उनके द्वारा स्थानीय लोगों एवं तीर्थ पुरोहितों से मनमाना किराया लिया जा रहा है जिसका तीर्थ पुरोहित घोर विरोध करते हैं इन सभी बिंदुओं को लेकर तीर्थ पुरोहितों की जिलाधिकारी महोदय से वार्ता हुई। जिसमें जिलाधिकारी ने तीर्थ पुरोहितों को आश्वासन दिया कि इस पर जल्द कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, अंकित सेमवाल, पंकज शुक्ला पूर्वअध्यक्ष किशन बगवाड़ी , धीरेंद्र शुक्ला, संजय तिवारी, संतोष त्रिवेदी सहित तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।



