
प्रथम रात्रि पड़ाव रामपुर पहुंची पंचमुखी उत्सव डोली, भक्तों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
फाटा (रूद्रप्रयाग)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली की शीतकालीन यात्रा शुरू हो गई है। बुधवार को बाबा केदार की उत्सव डोली अपने प्रथम रात्रि प्रवास के लिए रामपुर पहुंची, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्तों ने डोली का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आर्मी की बैंड धुन ओर हजारों भक्तों के साथ केदारनाथ धाम से रवाना होकर विभिन्न पैदल पड़ावों गौरीकुंड, सोनप्रयाग से होते हुए बुधवार को करीब देर सांय 5 बजकर 30 मिनट पर रामपुर पहुंची। यहां पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ बाबा की डोली का भव्य स्वागत किया। डोली के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ बाबा केदार की उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में होगा।
बाबा के स्वागत में भक्तों के लिए होटल एसोसिएशन केदारघाटी द्वारा विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। साथ ही केदारघाटी जनकल्याण सांस्कृतिक मंच द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया है।
बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली बृहस्पतिवार को प्रातः आठ बजे अपने अगले पड़ाव काशी विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी के लिए रवाना होगी, जहां डोली का द्वितीय रात्रि प्रवास होगा। इसके बाद 13 नवंबर को बाबा केदार की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी। बाबा के धाम के कपाट बंद होने के बाद अब भक्तों को शीतकाल में ओंकारेश्वर मंदिर में ही बाबा केदार के दर्शन होंगे।
बाबा केदार की डोली यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। हर पड़ाव पर श्रद्धालु बाबा की अगवानी और दर्शन के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।



