उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

जनता मिलन कार्यक्रम में 40 शिकायतें दर्ज, 16 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित हुआ जनता मिलन कार्यक्रम

रूद्रप्रयाग। जिला कार्यालय सभागार में आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित निराकरण हेतु जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्यवाही एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया वही कुछ शिकायतों पर जिलाधिकारी द्वारा जांच समिति का गठन कर परीक्षण करवाने के निर्देश दिए है, जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान दरमोला निवासी संत लाल ने गांव के अंतर्गत थापला तोक में हुए रेलिंग एवं अन्य कार्यों का भुगतान न होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं बैंजी और गंगतल के ग्रामीणों ने गांव में नियमित तथा पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। लुठियाग के ग्रामीणों ने सोलर पंपिंग योजना को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए त्वरित कार्यवाही करने की बात कही।

न्यालसू की नंदा देवी ने उनका नाम खतौनी में दर्ज न होने की समस्या बताई, जबकि नगर पालिका रुद्रप्रयाग के वार्ड संख्या-2 निवासी राकेश बुटोला ने खैड़धार क्षेत्र में पेयजल समस्या से अवगत कराया। डुंगर निवासी गोविंद लाल, रमेश लाल, दिनेश लाल आदि ने बताया कि बीते वर्ष बादल फटने की घटना के बाद उनके आवासीय भवन रहने योग्य नहीं रह गए हैं तथा पीड़ित पांच परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।

नागजगई गांव की विजयलक्ष्मी पंवार ने तहसील बसुकेदार में तहसीलदार की तैनाती न होने से प्रमाण पत्रों के निर्गमन सहित अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित होने की समस्या रखी। इसके अलावा कुलकांत चमोली ने वार्ड नंबर-1 अमसारी में हल्का मोटर वाहन मार्ग न होने की समस्या बताई, जबकि अपर बाजार निवासी हरीश लाल ने बरसात व बाजार का गंदा पानी उनकी दुकान में आने की समस्या से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी जिला कार्यालय के साथ-साथ संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीएम पोर्टल पर 210 शिकायतें लंबित हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 01 जनवरी 2025 से अब तक कुल 3424 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, , जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!