उत्तराखंडगांवरुद्रप्रयाग

तल्लानागपुर फलासी में नौ दिवसीय महाबन्याथ, तैयारियां पूरी 

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। तल्लानागपुर चोपता फलासी स्थित भगवती चण्डिका की पावन तपस्थली में नौ दिवसीय महा बन्याथ का शुभारंभ कल से होने जा रहा है। लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहे इस धार्मिक महोत्सव को लेकर समूचे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मन्दिर समिति व स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें। महा बन्याथ के आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। पूजा-अर्चना, अनुष्ठान, यज्ञ एवं कीर्तन – भजनों की रूपरेखा तय कर ली गई है। आयोजन समिति के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय परंपराओं के अनुरूप विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी, जिनमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी भाग लेंगे।

इस महोत्सव की विशेषता यह है कि इसके आयोजन के साथ ही वर्षों से गांवों से दूर रह रहे प्रवासी जन भी अपने पैतृक गांवों की ओर लौटने लगे हैं। धियाणियों की मायके वापसी से गांवों में रौनक लौट आई है। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और रीति-रिवाजों के साथ क्षेत्र का सांस्कृतिक वातावरण जीवंत हो उठा है। तुंगेश्वर मन्दिर समिति अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल का कहना है कि महा बन्याथ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस आयोजन के जरिए नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और मान्यताओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि

महा बन्याथ के आयोजन से तल्लानागपुर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय व्यापारियों, हस्तशिल्पकारों और छोटे व्यवसायियों को इससे लाभ मिलने की संभावना है । संरक्षक कल्याण सिंह नेगी ने बताया कि भगवती चण्डिका की तपस्थली में आयोजित होने जा रहा यह महा बन्याथ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनकर उभर रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है। समिति कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी, दलवीर सिंह राणा , जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न सिंह नेगी व चोपता क्षेत्र के विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधियों ने नौ दिवसीय महा बन्याथ में आम जनमानस से सहभागिता का आवाहन किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!