स्वतंत्रता दिवस से पूर्व मैराथन का आयोजन, 45 प्रतिभागियों ने लिया भाग, नशामुक्ति का संदेश

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व मैराथन का आयोजन, 45 प्रतिभागियों ने लिया भाग, नशामुक्ति का संदेश
रूद्रप्रयाग। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर जनपद में खेल भावना और नशा मुक्ति का संदेश देते हुए एक विशेष मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। खेल विभाग द्वारा जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के कुल 45 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम खेल और समाज कल्याण विभाग के तत्वाधान में आयोजित की गई,
मैराथन की शुरुआत न्यू टनल से हुई और समापन कमेड़ा में हुआ। जनपद भर से पहुंचे धावकों ने निर्धारित दूरी पूरी कर न केवल अपनी फिटनेस का परिचय दिया, बल्कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल भी बनाया।
प्रतियोगिता के अंत में पहले छह स्थान प्राप्त करने वाले पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान सहित शिक्षा विभाग के व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।



