मां डोल्या देवी देवरा यात्रा का हुआ शुभारंभ, प्रथम बार हो रही देवरा यात्रा का भक्तों में भारी उत्साह

मां डोल्या देवी देवरा यात्रा का हुआ शुभारंभ ,भक्तों में भारी उत्साह
फाटा। केदार घाटी के खाट – खड़िया के तीर्थपुरोहितों की आराध्य देवी मां डोल्या देवी की ग्यारह दिवसीय देवरा यात्रा का आज भाद्रपद की छः प्रविष्ट को वेद ऋचाओं वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ शुभारंभ हो गया है। मां डोल्या देवी प्रथम बार देवरा यात्रा हेतु जा रही है। माता की देवरा यात्रा में ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है, वहीं खाट गांव का वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है। आज प्रथम दिन डोल्या देवी देवरा यात्रा में माता ने खाट गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीष दिया, ग्रामीणों ने माता का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
माता की देवरा यात्रा खाट ,खड़िया फाटा, त्रियुगीनारायण, गौरीकुंड होते हुए केदारनाथ पहुंचेगी। धाम में दर्शन कर हवन पूजा के बाद अपने स्थान पर विराजमान होगी।
सोमवार को प्रात: मां महिष मर्दिनी ओर मां नांतोली मंदिर से मातारानी की मूर्तियों को थाल में सजाकर लाया जाता है। मंदिर में विद्वान आचार्यों ने पंचाग पूजा के साथ तैंतीस कोटि देवी देवताओं के साथ बाबा केदार, मां महिष मर्दनी , मां नांतोली एवं मां डोल्या देवी का आह्वान कर पूजा अर्चना की गई। लगभग दो बजे करीब मां डोल्या देवी देवरा यात्रा का शुभारंभ वेद ऋचाओं, स्थानीय वाद्य यंत्रों एवं सैकड़ों भक्तों के जयकारों के साथ किया गया। माता की डोली भक्तों की कुशलक्षेम पूछते हुए भक्तो को आशीष दिया, वहीं संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर डोळ्या देवी देवरा यात्रा समिति अध्यक्ष शंकर प्रसाद कुर्मांचली, उपाध्यक्ष जयंती प्रसाद कुर्मांचली, सचिव आशुतोष तिवारी, विष्णुकांत कुर्मांचली,जमुना प्रसाद, आंनद तिवारी, प्रकाश कुर्मांचली, कुलदीप प्रसाद कुर्मांचली, हिमांशू तिवारी, पप्पू तिवारी, नितिन तिवारी, सुनील तिवारी, सुभाष कुर्मांचली, गंगाधर प्रसाद कुर्मांचली सहित समस्त ग्रामीण एवं क्षेत्र वासी मौजूद रहे।



