भगवान तुंगनाथ की उत्सव डोली धाम के लिए हुई रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। पंच केदारो में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ से कैलाश के लिए रवाना हो गयी है। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश रवाना होने पर महिलाओं ने मांगल गीतों व भक्तों ने बाबा शंकर के उदघोषो से डोली की अगुआई की तथा पुढखी नामक स्थान पर पहुंचने पर भक्तों ने नये अनाज का भोग अर्पित कर विश्व शान्ति व समृद्धि की कामना की। भोग अर्पित करने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली रात्रि प्रवास के लिए भूतनाथ मन्दिर पहुंच गयी है 21 अप्रैल को भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली भूतनाथ मन्दिर से रवाना होकर पाव, चिलियाखोड,पंगेर, बनियाकुण्ड यात्रा पडावो पर श्रद्धालुओं को आशीष देते हुए अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंचेगी तथा 22 अप्रैल को भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के धाम पहुंचने पर भगवान तुंगनाथ के कपाट वेद ऋचाओं के साथ शुभ लगनानुसार ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेगें। सोमवार को भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मर्कटेश्वर तीर्थ मक्कूमठ में ब्रह्म बेला पर विद्धान आचार्यों ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाये समपन्न कर भगवान तुंगनाथ सहित तैतीस कोटी देवी – देवताओं का आवाहन किया। ठीक दस बजे भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली का भव्य श्रृंगार कर आरती उतारी तथा भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मर्कटेश्वर तीर्थ की तीन परिक्रमा कर कैलाश के लिए रवाना हुई। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश रवाना होने पर भक्तों ने पुष्प, अक्षत्रो से अगुवाई की तथा लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने खेत – खलिहानों में नृत्य करते हुए पुढखी नामक तोक पहुंचीं जहाँ पर ग्रामीणों ने भगवान तुंगनाथ को नये अनाज का भोग अर्पित कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व कल्याण की कामना की! नये अनाज का भोग अर्पित करने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली रात्रि प्रवास के लिए भूतनाथ मन्दिर पहुंच गयी है। डोली प्रभारी प्रकाश पुरोहित ने बताया कि भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली 21 अप्रैल को भूतनाथ मन्दिर से कैलाश के लिए रवाना होगी तथा रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंचेगी तथा 22 अप्रैल को भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के धाम पहुंचने पर शुभ तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये जायेगें। इस मौके पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल , खुशहाल सिंह नेगी , आचार्य लम्बोदर प्रसाद मैठाणी, मठापति मुकेश मैठाणी, निवर्तमान मठापति राम प्रसाद मैठाणी, भगवती प्रसाद मैठाणी, प्रबन्धक बलवीर सिंह नेगी, पूर्व प्रधान विजयपाल नेगी, जय सिहं चौहान, दशमी मैठाणी , चन्द्रमोहन बजवाल, रमेश नौटियाल, प्रकाश मैठाणी, मोहन प्रसाद मैठाणी, जीतपाल भण्डारी, आनन्द सिहं नेगी, सहित विभिन्न गांवों के सैकड़ो श्रद्धालु , पंच पुरोहित,हक – हकूकधारी , मन्दिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।



