मूसलाधार बारिश से जन जीवन हुआ प्रभावित, सड़क मार्ग सहित आवासीय भवन क्षतिग्रस्त

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। वहीं, उत्तरकाशी धराली आपदा के बाद क्षेत्र का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित होने से यात्रा पडा़वो पर सन्नाटा पसरा हुआ है । मन्दाकिनी नदी सहित सहायक नदियों का जल स्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसें ग्रामीणों की रातों की नींद खो चुकी है। रूद्रप्रयाग – गौरीकुण्ड नेशनल हाईवे सहित लिंक मोटर मार्गों पर जगह – जगह भूस्खलन होने से मोटर मार्गों पर सफर करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मूसलाधार बारिश से पूरे बरसात के समय में 20 आवासीय भवनों को आंशिक क्षति पहुंची है । जानकारी देते हुए पाली सरूणा निवर्तमान प्रधान प्रेमलता पन्त ने बताया कि ऊखीमठ – मनसूना रासी मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण पर करोड़ो रूपये व्यय होने के बाद भी मोटर मार्ग अधिकांश स्थानो पर कीचड मे तब्दील होने से मोटर मार्ग पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है। ग्राम पंचायत कविल्ठा पूर्व प्रधान अरविन्द राणा ने बताया कि गुप्तकाशी – कालीमठ – चौमासी मोटर मार्ग पर विद्यापीठ – कालीमठ तथा खोन्नू – जाल तल्ला के मध्य मोटर मार्ग पर जगह – जगह तालाब बनने से ग्रामीण जान हथेली पर रखकर सफर करने को विवश बने हुए है। तुंगनाथ धाम प्रबन्धक बलवीर नेगी ने बताया उत्तरकाशी धराली की आपदा तथा क्षेत्र मे लगातार हो रही बारिश के कारण तुंगनाथ घाटी का तीर्थाटन ,पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। मदमहेश्वर यात्रा पड़ाव बनातोली के व्यापारी बीरबल बिष्ट ने बताया कि आपदा व बारिश के कारण तीर्थ यात्रियो ,पर्यटको व सैलानियो की आवाजाही मे भारी गिरावट आने से यात्रा पड़ाव वीरान बने हुए है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य परकण्डी रीना बिष्ट ने बताया कि रूद्रप्रयाग- गौरीकुण्ड नेशनल हाईवे पर काकडागाड – कुण्ड के मध्य ऊपरी पहाडी से पत्थर गिरने का सिलसिला निरन्तर जारी रहने उक्त स्थान पर राहगीर जान जोखिम मे डालकर आवाजाही करने के लिए विवश बने हुए है। तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पूरे बरसात के सीजन में तहसील क्षेत्रान्तर्गत 20 आवासीय भवनो को आंशिक क्षति पहुँची है जिसमे 6 प्रभावित परिवारो को आपदा मानको के अनुसार सहायता राशि वितरित की गयी है तथा शेष प्रभावित परिवारो को सहायता राशि वितरित करने की कार्यवाही गतिमान है।



