केदारनाथ हाईवे रामपुर न्यालसू के समीप हो रहा भू- धंसाव, ग्रामीणों ने राजमार्ग विभाग पर अनदेखी के लगाए आरोप

केदारनाथ हाईवे रामपुर न्यालसू के समीप हो रहा भू- धंसाव, ग्रामीणों ने राजमार्ग विभाग पर अनदेखी के लगाए आरोप
फाटा। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग रामपुर न्यालसू के समीप विगत दस सालों से हो रहे भू धंसाव के कारण वाहनों के आवागमन के लिए खतरों भरा बना हुआ है।
बता दें कि, रामपुर न्यालसू बाजार के समीप राजमार्ग पर बीते दस सालों से भू धंसाव हो रहा है जिसका आज तक राजमार्ग विभाग द्वारा कोई निवारण नही किया गया। हर बरसात में इस स्थान पर वाहनों के आवागमन में खतरा बना रहता है। इन दिनों केदारनाथ यात्रा पटरी पर लौटने लगी है लेकिन केदारनाथ हाईवे पर बने ये स्लाइडिंग जोन स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थ यात्रियों के लिए नासूर बन हुए हैं। इन स्थानों पर घंटों जाम में फंस तीर्थ यात्री आवागमन कर रहे हैं।
रामपुर न्यालसू के ग्रामीणों ने बताया कि बीते लंबे अरसे से इस स्थान पर भू धंसाव हो रहा है, कई बार उच्च अधिकारियों को पत्राचार से अवगत कराया गया लेकिन अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नही दे रहे हैं।
व्यपार संघ अध्यक्ष मोहन प्रकाश मैठाणी ने कहा कि विगत दस साल से इस स्थान पर सड़क भू धंसाव की जद में है, लेकिन राजमार्ग विभाग के अधिकारी इस भू धंसाव को रोकने हेतु कोई उचित कार्य योजना नही बना पाए हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर नदी से कटाव हो रहा है लेकिन विभाग खाना पूर्ति कार्य कर रहा है, जिस से हर बरसात में इस स्थान पर सड़क धंस जाती है। उन्होंने शासन प्रशासन से भू धंसाव को रोकने हेतु विशेषज्ञों की टीम बुलाने उसके बाद कार्य करने की मांग की है।
ग्रामीण अजय प्रताप ने बताया कि राजमार्ग पर हो रहे भू धंसाव से वाहन आवागमन नही कर पा रहे हैं, जिस से यात्री घंटों जाम में इंतज़ार कर आवागमन करने को मजबूर हो रहा है। ग्रामीण दिनेश सिंह रावत ने बताया कि नदी से हो रहे भू कटाव का प्रभाव बाज़ार तक हो रहा है, बाजार में नालियां न होने से बरसाती पानी भवनों व खेतों में जा रहा है, जिस से भू धंसाव का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण एवं व्यपारियों ने शासन प्रशासन से राजमार्ग पर हो रहे भू धंसाव को रोकने हेतु अतिशीघ्र उचित कार्य करने की मांग की है।




