कार्तिक स्वामी मंदिर में 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन का शुभारंभ

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक कार्तिक स्वामी मंदिर में 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन का विधिवत शुभारंभ हो गया। शीतकालीन गद्दी स्थल सुवारी ग्वास घिमतोली से भगवान कार्तिकेय की चल विग्रह उत्सव मूर्तियां पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुमार लोक पहुंचीं, जहां श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। धार्मिक आयोजन के शुभारंभ के साथ ही सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया तथा दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से कुमार लोक में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शुक्रवार प्रातः काल से ही मंदिर परिसर एवं यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया था। आचार्यों एवं विद्वान ब्राह्मणों द्वारा गणेश पूजन, कलश स्थापना, देव पूजन एवं यज्ञाचार्य वरण सहित विभिन्न वैदिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। इसके उपरांत भगवान कार्तिकेय की चल विग्रह उत्सव मूर्तियों को गद्दी स्थल सुवारी ग्वास से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कुमार लोक लाया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
कुमार लोक पहुंचने पर चल विग्रह उत्सव मूर्तियों की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वेद ऋचाओं एवं मंगल मंत्रों के उच्चारण के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यज्ञशाला में हवन कुंडों में आहुतियां दिए जाने से वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो उठा। वेद मंत्रों, शंखनाद और घंटियों की मधुर ध्वनि से सम्पूर्ण क्षेत्र गुंजायमान रहा। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन महायज्ञ, पुराण वाचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र एवं विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि तथा मानवता के मंगल की कामना के साथ विशेष अनुष्ठान भी संपन्न होंगे। सचिव बलराम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ एवं पुराण वाचन के शुभारंभ से क्षेत्रीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं धर्मप्रेमी आयोजन में भाग लेने के लिए कुमार लोक पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु भोजन, पेयजल, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ने बताया कि धार्मिक आयोजन के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा यज्ञ में आहुतियां देकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पुजारी नन्दू पुरी ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कुमार लोक पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाने की अपील की है। इस मौके पर उप प्रबंधक रमेश सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, कथावाचक आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल, सुधीर नौटियाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, भरत सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह नेगी, भरत बासकण्डी, दिनेश सिंह नेगी, शंकर सिंह नेगी, मोर सिंह नेगी, अनिल जिरवाण, पंकज सिंह नेगी, बीरेंद्र सिंह नेगी, दलवीर सिंह नेगी, तृप्त सिंह नेगी, सौरभ असवाल, मिन्टू सिंह नेगी, दीपक सिंह नेगी सहित कार्तिकेय मन्दिर समिति पदाधिकारी, सदस्य, जनप्रतिनिधि, विद्वान आचार्य व हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।



