उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

आरोग्यम शिविर में 152 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण 

लक्ष्मण सिंह नेगी

मद्महेश्वर व तुंगनाथ घाटी के चार गांवों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सराहा

ऊखीमठ। सेवा इंटरनेशनल के तत्वावधान में मद्महेश्वर घाटी के राऊलैंक एवं मनसूना तथा तुंगनाथ घाटी के मक्कू और परकण्डी गांवों में सेवा आरोग्यम स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। चारों स्थानों पर आयोजित शिविरों में कुल 152 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविरों में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न मौसमी एवं सामान्य बीमारियों की जांच की। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए भी जागरूक किया। विशेषज्ञों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है और ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।
प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। ऐसे में सेवा इंटरनेशनल द्वारा गांव-गांव पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण किए जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों ने शिविर का लाभ उठाया है । राऊलैंक के पूर्व प्रधान कमलेन्द्र नेगी ने सेवा इंटरनेशनल के इस जनकल्याणकारी अभियान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीणों को समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी मिल रही है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलती है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान गडगू सरिता नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष मनसूना अवतार राणा ने सेवा इंटरनेशनल की पूरी टीम, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय समाज के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। सेवा इंटरनेशनल के डा0 दिव्या ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न गांवों में सेवा आरोग्यम शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयों का लाभ मिल सके। उन्होंने भविष्य में भी इस अभियान को निरंतर जारी रखने का भरोसा दिलाया। चारों स्थानों पर आयोजित शिविरो में राहुल रावत, रिंकी पंवार, सुरेन्द्र बिष्ट, यशवन्त नेगी, मंजू व पूनम मंजू सहित सेवा इंटरनेशनल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!