लकड़ी का अस्थाई पुल बनाने के दौरान पिंडर नदी में बहा पूर्व फौजी

चमोली। विकासखण्ड देवाल के दूरस्थ हरमल गांव निवासी पूर्व सैनिक 68 वर्षीय पूरन सिंह पुत्र मेथुन सिंह गांव के समीप पिंडर नदी में लकड़ी का अस्थाई कच्चा पुल बनाने के दौरान एकाएक नदी में गिर कर बह गया। घटना से ग्रामीण शोक में हैं । वहीं शव की तलाश की जा रही है।
बुधवार को हरमल के लोनिवि के आदेश पर पिंडर नदी पर लकड़ी का अस्थाई कच्चा पुल बना रहे थे, तभी अचानक पूरन सिंह गडिया नदी में गिर गया। ग्राम प्रधान कलावती गडिया और ग्रामीण हरेंद्र सिंह ने इसकी सूचना राजस्व उप निरीक्षक नलधूरा और तहसीलदार थराली को दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 की आपदा में हरमल गांव के पास पिंडर नदी पर बना झूला पुल बह गया था। वर्ष 2021 में हाइड्रॉलिक ट्रॉली भी नदी के तेज वेग से बह गई। लोनिवि के ईई आदेश पर ग्रामीण नदी में आवाजाही के लिए लकड़ी का अस्थाई कच्चा पुल बना रहे थे। इस बीच यह घटना हो गई। ग्रामीण नदी में शव को ढूंढने में जुटे हैं। अभी शव बरामद नहीं हुआ है।
राजस्व उप निरीक्षक पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है। शव की ढूंढखोज के लिए एसडीआरएफ की टीम को तत्काल बुलाया गया है। जो की घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।



