ग्राम पंचायत घिमतोली के ग्वांस गांव में आगाज कम्युनिटी लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। आगाज यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल के सहयोग से तल्लानागपुर की सीमान्त ग्राम पंचायत घिमतोली के ग्वांस गांव में आगाज कम्युनिटी लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया गया। लाइब्रेरी क्षेत्र के सभी ग्रामीणों व नौनिहालों के लिए पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। लाइब्रेरी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए विविध विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, सामान्य ज्ञान तथा प्रेरणादायक कहानियों से संबंधित पुस्तकें प्रमुख हैं। यूथ क्लब के पदाधिकारियों का मुख्य उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि गांवों में एक सकारात्मक और सीखने वाला वातावरण तैयार करना है। लाइब्रेरी के उद्घाटन अवसर पर आगाज यूथ क्लब के अध्यक्ष हरीश चन्द्र तिवारी ने कहा कि आगाज़ यूथ क्लब का मुख्य उद्देश्य केवल लाइब्रेरी में पुस्तकें उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि प्रत्येक माह छात्रों के लिए काउंसलिंग सत्र, ग्रुप डिस्कशन, पब्लिक स्पीकिंग, करियर गाइडेंस और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर उन्हें व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी प्रभावी होती है जब उसे व्यवहार में उतारा जाए। सचिव धीरज सिंह नेगी ने कहा कि आगाज़ यूथ क्लब का लक्ष्य पूरे उत्तराखंड के प्रत्येक गांव में “आगाज़ कम्युनिटी लाइब्रेरी” स्थापित करना है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में एक मजबूत शिक्षा प्रणाली विकसित हो सके और युवाओं को गांव में ही बेहतर शिक्षा सीखने का अवसर मिले। कहा कि इस पहल के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रधान कविता देवी के प्रतिनिधि शंकर सिंह नेगी ने यूथ क्लब के प्रयासों की भूरी – भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की सकारात्मक पहल से ग्रामीणो में जागरूकता आयेगी तथा नौनिहालों को जीवन पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा मिलेगी । पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी ने कहा कि आगाज यूथ क्लब की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और जागरूकता का एक मजबूत आधार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा । यूथ क्लब के पदाधिकारियों के ग्वास गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने वन पंचायत सरपंच धर्मेंद्र सिंह नेतृत्व फूल – मालाओं से भव्य स्वागत करते हुए कहा कि लाइब्रेरी के माध्यम से गांव में एक बेहतर अध्ययन वातावरण विकसित होगा जिससे आने पीढ़ियों को शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा और सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे। इस मौके पर भाजपा मण्डल महामंत्री दीपक नेगी, रघुनाथ सिंह नेगी,लीगल एडवाइजर नितिन मलेठा , ग्राम सभा नव युवक मंगल दल अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, वीरेन्द्र सिंह नेगी महेश सिंह नेगी, अमिता, सयन सिंह नेगी,अंजलि, पंकज सिंह नेगी सवि, सपना, शारदा देवी, दिव्यांशु, जय कैलाश सिंह नेगी,आशुतोष नेगी, योगेश चंद्र, पंकज बिंदास, ऋषभ नेगी, परिधि चौधरी आदि उपस्थित रहे।



