ऊखीमठ में फ्लैक्स प्रिंटिंग यूनिट का शुभारंभ

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत हिमालय स्वयं सहायता समूह पाली की फ्लैक्स बैनर प्रिंट, पोस्टर एवं प्रिंटिंग यूनिट का विधिवत शुभारंभ हो गया है। यूनिट के संचालन से ऊखीमठ क्षेत्र सहित मद्महेश्वर घाटी को एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यूनिट के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह यूनिट क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि इस प्रकार की यूनिटों के खुलने से स्थानीय जनता को सुविधा मिलने के साथ स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। यूनिट के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी व जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण ने भी अपने विचार रखे । खण्ड विकास अधिकारी अनुष्का ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में प्रिंटिंग सुविधाओं का अभाव था, जिसके चलते लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता था। अब इस यूनिट के स्थापित होने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ब्लॉक मिशन मैनेजर रणजीत रावत ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का जो लक्ष्य रखा गया है, यह यूनिट उसी दिशा में एक सफल पहल है। समूह की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगी बल्कि सामाजिक रूप से भी उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
स्थानीय जनता ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह यूनिट क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस मौके पर प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, प्रधान बृजेश पन्त, गीता देवी, लक्ष्मी राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य सारी भरत सिंह नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, महेश बर्त्वाल , पूर्व सभासद प्रमोद नेगी, रेखा रावत, समूह अध्यक्ष वन्दना देवी, कुसुम देवी, किरण देवी मौजूद रहे।



