केदारघाटी में रेल बीट के जंगलों में लगी आग
केदारघाटी में रेल बीट के जंगलों में लगी आग
फाटा। केदारनाथ वन्य जीव अभ्यारण क्षेत्र के रेल बीट के जंगल भीषण आग की चपेट में आ गये है। जंगलों में भीषण आग लगने से वन सम्पदा स्वाहा हो रही है तथा वन्य जीव – जन्तुओं के जीवन पर भी संकट के बादल मड़राने लगे हैं। यदि समय पर जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू नहीं पाया गया तो आग विकराल रूप धारण कर सकती है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग द्वारा जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिये गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार प्रातः से केदारनाथ वन्य जीव अभ्यारण के अंतर्गत रेल बीट के लोछड़ा क्षेत्र के जंगलों में आग लग गई, आग धीरे धीरे विकराल रूप लेने लगी, आग की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए मौके पर जुटी गई है। बता दें आग मैंखडा फाटा के सामने स्थित पहाड़ी पर लगी है,जिसके धुएं का असर फाटा क्षेत्र के गांवों तक पहुंचने लगा है।


जंगलों में लगी भीषण आग पर यदि समय रहते काबू नहीं पाया गया तो भीषण आग पहाड़ी के दूसरी छोर के जंगलों तक पहुंच सकती है।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग वनक्षेत्रधिकारी विमल भट्ट ने बताया कि सोमवार को रेल बीट के लोछड़ा क्षेत्र के जंगलों में आग लगने की सूचना मिलते ही छ सदस्यीय टीम आग पर काबू पाने के लिए भेज दी गई थी जिनके द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन कर्मियों तथा ग्रामीणों द्वारा अधिकांश हिस्सों में लगी आग पर काबू पा लिया गया है मगर एक तरफ चट्टानी इलाका होने के कारण आग पर काबू पाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।



