उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में तीसरे स्थान पर रूद्रप्रयाग, इंटरमीडिएट में भी शानदार प्रदर्शन

उत्तराखंड बोर्ड परिणाम: हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में तीसरे स्थान पर रूद्रप्रयाग, इंटरमीडिएट में भी शानदार प्रदर्शन

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें जनपद के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद ने प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मंडल में पहला स्थान हासिल कर गौरव बढ़ाया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद ने मंडल में चौथा और प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल में कुल 3281 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 95.95 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण रहे। इंटरमीडिएट में 3177 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 87.28 प्रतिशत का उत्तीर्ण परिणाम दर्ज किया गया।
प्रदेश की मेरिट सूची में हाईस्कूल के 15 और इंटरमीडिएट के 2 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। हाईस्कूल में गुरुकुल नेशनल स्कूल अगस्त्यमुनि के आदित्य बुटोला ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया। ब्राइटलेंड इंटरनेशनल सेकेंडरी स्कूल के प्रतीक नौटियाल ने 95.20 प्रतिशत अंकों के साथ 12वां स्थान और आयुष सिंह राणा ने 94.80 प्रतिशत अंकों के साथ 14वां स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में जीएमपीआईसी विजयनगर अगस्त्यमुनि के शिवम मलेठा ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 6वां स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय के आदित्य नौटियाल ने 94.20 प्रतिशत अंकों के साथ 16वां स्थान प्राप्त किया। अतुल मॉडल पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज तिलवाड़ा की आरूषि ने 93.4 प्रतिशत के साथ 18वां तथा निकुंज ने 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ 24वां स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!