जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, धाम सहित पैदल मार्ग पर तीर्थ यात्रियों से लिया फीडबैक

जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा,
धाम सहित पैदल मार्ग पर तीर्थ यात्रियों से लिया फीडबैक
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्था को हर संभव बेहतर तरीके से संचालित करने में रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। रुद्रप्रयाग डीएम विशाल मिश्रा ने पहले केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया ओर अब पैदल यात्रा मार्ग सहित पार्किंग आदि का निरीक्षण करके यात्रियों को हर सुविधा देने के निर्देश दिए।
बता दें, केदारनाथ धाम की यात्रा में हर रोज हज़ारों की संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। अभी तक 1 लाख 30 हज़ार से अधिक भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। देश के कोने कोने से अपने आराध्य बाबा केदार के दर्शनों को पहुंच रहे भक्तों को कोई परेशानी ना हो, इसके लिए विगत 21 अप्रैल से रुद्रप्रयाग डीएम विशाल मिश्रा ग्राउंड जीरो पर कार्य कर रहे हैं। कभी केदार धाम तो कभी पैदल यात्रा मार्ग पर रियलिटी चेक करते हुए यात्रियों से बातचीत कर रहे हैं और उनसे बेहतर सुझाव मांग रहे हैं। आज डीएम ने केदार धाम से लेकर सीतापुर पार्किंग तक यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की साफ सफाई, पार्किंग व्यवस्था सहित शौचालय, पेयजल एवं अन्य कार्यों का धरातल पर निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में हर वास्तविक स्थिति का धरातल पर निरीक्षण किया जा रहा है। सरकार व प्रशासन का उद्देश्य है कि केदारनाथ धाम आने वाले किसी भी तीर्थ यात्री को कोई भी असुविधा न हो।



