अगस्त्यमुनि में जिला क्रिकेट लीग का हुआ आगाज, लीग के पहले मैच में केदार इलेवन ने मदाकिनी इलेवन को 5 विकेट से किया परास्त

लीग के पहले मैच में केदार इलेवन ने मंदाकिनी इलेवन को 5 विकेट से किया परास्त
अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में जिला क्रिकेट लीग का शानदार आगाज
नगर पंचायत अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल ने किया रिबन काटकर शुभारंभ
अगस्त्यमुनि। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित द्वितीय जिला क्रिकेट लीग का आज बुधवार से आगाज हो गया है। लीग के पहले मैच में केदार इलेवन ने मदाकिनी इलेवन को 5 विकेट से हराया।
क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल एवं विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी महेशी आर्य ने रिबन काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर लीग का शुभारम्भ किया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नपं अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त मिलता है। हमारे जनपद में सुदूरवर्ती क्षेत्र हैं जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से आज सभी को एक मंच प्रदान हो रहा है। विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी महेशी आर्य ने सभी प्रतिभागियों को निरन्तर अभ्यास एवं कठोर अनुशासन से अपने खेल में निखार लाते हुए अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरूण तिवारी ने बताया कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड (सीएयू) जो कि बीसीसीआई की एक इकाई है, के निर्देशानुसार संख्या 2023-24 के लिए जिला स्तर पर लीग मैच आयोजित कर टीम का गठन किया जाना है। जिसके बाद एसोसिएशन ने 11 मार्च को खिलाड़ियों का ट्रायल लिया, जिसके बाद 5 टीमों का गठन करते हुए उनके बीच लीग प्रतियोगिता कराई जा रही है। लीग में खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर जिले की टीम का गठन किया जायेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि इस वर्ष विगत वर्षों से सुदूरवर्ती क्षेत्रों से भी युवा प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश जमलोकी ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत किया। संचालन एसोसिएशन के सदस्य नवीन बिष्ट ने किया। लीग का उद्घाटन मैच केदार इलेवन तथा मंदाकिनी इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मन्दाकिनी इलेवन ने 22 ओवर में मात्र 96 रन बनाए। जिसमें जितेन्द्र ने 18, सत्यम चैहान ने 19 तथा नीरज ने 14 रन बनाये। केदार की ओर से संजय बिष्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवरों में 29 रन देकर 5 विकेट लिए। गिरीश एवं नितिन ने दो-दो विकेट चटकाये। जवाब में केदार इलेवन ने 16वें ओवर में 5 विकेट पर 97 रन बनाकर जीत हासिल की। केदार की ओर से अक्षय कुमार ने 21, मात्रिका पुरोहित ने 15 तथा अमन भट्ट ने 14 रन बनाये। मन्दाकिनी की ओर से प्रतीक पंवार ने दो विकेट लिए, जबकि सत्यम चैहान, विकास सिंह तथा अंशुल राणा ने एक एक विकेट लिया। संजय बिष्ट को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ दि मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंकुश कुमार एवं सुमित चन्द्रा ने अम्पायरिंग तथा विपिन कैन्तुरा एवं अंशुल राणा ने स्कोरिंग की। इस अवसर पर एसोसियेशन के कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र राणा, प्रवक्ता हरीश गुसाईं, सदस्य प्रशान्त बिष्ट, नवीन बिष्ट, नरेश जमलोकी, जयदीप नेगी, सौरव बिष्ट सहित कई क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।



