
मानसून सीजन को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग हुआ सजग, की तैयारियां पूरी
रुद्रप्रयाग। मानसून सीजन को लेकर जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने तैयारियां पूरी कर दी हैं। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से केदारनाथ यात्रा और मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर एनएच लोनिवि, लोनिवि रुद्रप्रयाग, लोनिवि उखीमठ और पीएमजीएसवाई के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों की स्थिति को देखते हुए होमवर्क पूरा कर लिया गया है। जनपद के राजमार्ग और ब्रांच सड़कों में जेसीबी मशीनों की तैनाती विभागों द्वारा की गई है जो मार्ग बंद होने पर मार्ग को सुचारु खोलने का काम करेंगी।इसके अलावा स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल,खाद्यान, विद्युत व्यवस्था को 24×7 सुचारु रखने के लिये जमीनी स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील रुद्रप्रयाग जनपद में मानसून को लेकर प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस को खासा मुस्तैद रहना पड़ता है।विशेष तौर पर ऋषिकेश -बद्रीनाथ राजमार्ग और केदारनाथ राजमार्ग के साथ ही ब्रांच सड़कों को सुचारु रखने पर जिला प्रशासन नजर बनाये हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रुद्रप्रयाग नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मानसून सीजन को देखते हुए राजमार्गों व लिंक मार्गों पर जेसीबी मशीनों की व्यवस्था की गई है।हाइवे और ब्रांच सड़कों के बंद होने की स्थिति में शीघ्र जेसीबी की मदद से सड़क खोल दी जायेगी।आपदा कंट्रोल रूम के साथ ही तहसीलों में कंट्रोल रूम बनाये गये हैं।इसके अलावा सभी विभागों को चौबीस घंटे नजर बनाने को कहा गया है।



