
मां चंडिका की देवरा यात्रा का स्यूपुरी गांव में भक्तों ने पुष्प वर्षा से किया स्वागत, भक्तों ने पूजा-अर्चना व दर्शन कर मांगा आशीर्वाद
घर-घर पहुंच भक्तों की पूछी कुशलक्षेम
रुद्रप्रयाग। पट्टी तल्लानागपुर के नौज्यूला की आराध्य मां चंडिका नारी देवी अपनी देवरा यात्रा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर धियाणियों एवं भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दे रही है। मां भगवती सात माह की देवरा यात्रा में चारों दिशाओं के गांवों का भ्रमण करेगी।
मंगलवार को देवरा भ्रमण के तहत स्यूपुरी गांव में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा से मां भगवती का भव्य स्वागत किया। ग्राम प्रधान बीना बर्तवाल ने अपने घर पर संपूर्ण ग्राम पंचायत की तरफ से मां भगवती को भेंट अर्पित की। साथ ही देवरा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को जलपान कराया। इस दौरान मां भगवती चंडिका देवी को श्रद्धालुओं ने अघ्र्य भी लगाया। इस अवसर ढोल-दमाऊ की थाप पर देवी पश्वाओं ने अनेक नृत्य किए। धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए मां चंडिका नारी देवी की सांयकालीन आरती उतारी गई। विद्यापाठ समेत विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही खीर का भोग भी लगाया गया, जिसके बाद मां भगवती ने शयन किया। देवरा यात्रा में मां चंडिका देवी के साथ उनके क्षेत्रपाल व अन्य देवी-देवताओं के निशाण भी साथ चल रहे हैं।
इस मौके पर नौज्यूला मन्दिर समिति के अध्यक्ष दीक्षराज रावत, प्रद्युमन सिंह बर्त्वाल, सतेन्द्र बर्तवाल, बलवंत सिंह बर्तवाल, नरेन्द्र सिंह बर्तवाल, सतेंद्र पाल सिंह बर्तवाल, नरेंद्र बर्तवाल, कुलदीप सिंह बर्तवाल, सुरेन्द्र बर्तवाल, राजेंद्र बर्तवाल, दलवीर सिंह बर्तवाल, विनोद बर्तवाल, कुलदीप बर्तवाल सहित ग्रामीण ए वअन्य देवी भक्त मौजूद थे।



