उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरें

गुप्तकाशी के ल्वारा और बसुकेदार के कौशलपुर में सजी रात्रि चौपाल

गुप्तकाशी के ल्वारा और बसुकेदार के कौशलपुर में सजी रात्रि चौपाल

रुद्रप्रयाग। जनपद पुलिस द्वारा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने हेतु संचालित अभियान प्रहरी पड़ाव निरंतर जारी है। इसी क्रम में गत दिवस शुक्रवार की रात्रि 13 मार्च 2026 को कोतवाली गुप्तकाशी के ग्राम ल्वारा में 22वीं तथा चौकी बसुकेदार के ग्राम कौशलपुर में 23वीं रात्रि चौपाल का सफल आयोजन किया गया।

रात्रि चौपाल ग्राम पंचायत ल्वारा – जनपद के ऊखीमठ ब्लॉक स्थित ग्राम ल्वारा (गुप्तकाशी से 06 किमी दूर) में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने की। ग्रामीणों ने पुलिस के सम्मुख गांव में पूर्ण शराबबंदी किए जाने की प्रमुख मांग रखी। महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती शीला देवी, वन संरक्षक दरबार सिंह भट्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिब्बन कुमार व क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि प्रमोद देव सहित अन्य ग्रामीणों ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शराबबंदी की मांग पर नियमानुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, ग्रामीणों को साइबर अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी, किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन और सोशल मीडिया के सतर्कतापूर्ण उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चौपाल के दौरान अभिसूचना उप-इकाई गुप्तकाशी द्वारा ग्रामीणों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। वर्तमान में ईरान, इजराइल, अमेरिका व खाड़ी देशों के मध्य चल रहे युद्ध की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि उनका कोई परिजन इन देशों में फंसा हो, तो तत्काल इसकी सूचना अभिसूचना इकाई को दें। साथ ही, होम-स्टे व होटलों में किसी भी विदेशी नागरिक के आगमन पर फॉर्म-सी अनिवार्य रूप से भरने तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में अपेक्षित सहयोग देने को कहा।
रात्रि चौपाल ग्राम कौशलपुर – चौकी प्रभारी बसुकेदार भूपाल सिंह की अध्यक्षता में ग्राम कौशलपुर में आयोजित 23वीं चौपाल में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान घरेलू हिंसा, बाल विवाह और साइबर ठगी जैसे विषयों पर कानूनी जानकारी साझा की गई। पुलिस टीम ने गांव में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों का कुशल-क्षेम जाना और उन्हें हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के इन प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!