बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक और खेल आयोजन भी आवश्यक : आशा नौटियाल, प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा के वार्षिकोत्सव में विधायक केदारनाथ ने की शिरकत

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक और खेल आयोजन भी आवश्यक : आशा नौटियाल
प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा के वार्षिकोत्सव में विधायक केदारनाथ ने की शिरकत
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा और जूनियर स्कूल खड़िया हेतु तीन – तीन लाख देने की घोषणा
फाटा। विकासखंड ऊखीमठ के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा का वार्षिकोत्सव नन्हे मुन्ने छात्र छात्राओं के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हो गया है।
शुक्रवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा में आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया, साथ ही विद्यालयी छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा के नन्हें मुन्ने छात्र छात्राओं ने स्वागत गान, मां महिष मर्दनी स्तुति, देश भक्ति गीत, सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए । कार्यक्रम में जूनियर स्कूल खड़िया की छात्राओं द्वारा पावन मेरो उत्तराखंड सहित अन्य प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में कु श्रेया ने मां महिष मर्दनी स्रोत पर एकल नृत्य, तथा नवनीत ने अंग्रेजी भाषा में स्पीच दिया। कार्यक्रम में महिला मंगल दल मैंखंडा ने प्राचीन झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में स्थित प्राथमिक विद्यालय आज भी पलायन को बचा रहे हैं, इनमें कार्यरत शिक्षक बेहतरीन शिक्षा का माहौल पेशकर इन बच्चों को भविष्य के लिए संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और खेल आयोजन भी बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा एवं जूनियर हाइस्कूल खड़िया के लिए तीन – तीन लाख देने की घोषणा भी की। वहीं ग्रामीणों द्वारा बताई गई पेयजल की समस्या को लेकर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम विशिष्ट अतिथि अमित मैंखंडी ने कहा कि सीमित संसाधनों में दूरस्थ विद्यालय बेहतरीन कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं। वहीं उन्होंने विधायक केदारनाथ का विद्यालय हेतु दी गई सहायता का आभार जताया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राम प्रकाश ने बेहतरीन सांस्कृतिक आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विधायक केदारनाथ के सम्मुख बंदरों एवं जंगली जानवरों द्वारा बर्बाद की जा रही खेती हेतु हिमाचल की तर्ज पर सुरक्षात्मक कार्य करवाने की पेशकश की।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैंखंडा प्रधानाध्यापिका श्रीमती अनीता राणा ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक वेंकट सेमवाल ने किया।
इस अवसर पर प्रधान मैखंडा चांदनी देवी, रविग्राम पिंकी देवी, खड़िया पूनम देवी महिला मंगल दल अध्यक्ष मैंखंडा भागीरथी देवी, खड़िया कविता देवी, मंडल अध्यक्ष केदारनाथ सुभाष रावत, मंडल अध्यक्ष गुप्तकाशी राय सिंह राणा, बिपिन सेमवाल, धीरेन्द्र रावत, कमल रावत, देवप्रकाश सेमवाल, श्रीमती सुमन जमलोकी, रीना अग्रवाल, किरन शुक्ला, सीमा रावत , शिशुपाल, शिक्षक पुष्कर सिंह राणा, ललित प्रसाद बाजपेई, रमेश शाह, वीरेंद्र गोस्वामी सहित छात्र छात्राएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



