Uncategorized

निराश्रित पशुओं के लिए गौ रक्षा विभाग ने की ट्रामा सेंटर की मांग घायल गाय और नंदी के ट्रीटमेंट में हो रही परेशानियां, आशियाना नहीं मिलने से जान गंवा रहे निराश्रित पशु

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग शहर में निराश्रित घूम रही गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर विश्व अखांडा परिषद (गौ रक्षा विभाग) ने ट्रामा सेंटर निर्माण की मांग की है। इसको लेकर गौ रक्षा विभाग ने जिलाधिकारी डाॅ सौरभ गहवार को ज्ञापन दिया है।
डीएम को दिए ज्ञापन में विश्व अखांडा परिषद (गौ रक्षा विभाग) ने कहा कि जनपद मुख्यालय में आये दिन ग्रामीण इलाकों से लोग गाय और नंदी को छोड़ रहे हैं, जिस कारण रुद्रप्रयाग शहर में आवारा पशुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। करीब शहर में 100 से ज्यादा आवारा पशु घूम रहे हैं। रात के समय भारी वाहनों की चपेट में आकर ये निराश्रित पशु चोटिल हो रहे हैं, जबकि आपसी संघर्ष में भी घायल हो रहे हैं। हालांकि गौ रक्षा विभाग इनके ट्रीटमेंट को लेकर पशुपालन विभाग के सहयोग से कार्य कर रहा है, मगर ट्रीटमेंट होने के बाद ये सड़कों में यहां-वहां भटकने से इलाज का इन पर कम असर पड़ रहा है। ऐसे में समय-समय पर चारा-घास के साथ ही आशियाना नहीं होने से कभी-कभार इनकी मौत भी हो जाती है। विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) की ओर से ट्रामा सेंटर की मांग की जा रही है। गौ रक्षा विभाग ट्रस्ट की पपड़ासू में जमीन है, जिस पर ट्रामा सेंटर का निर्माण करके निराश्रित घायल गाय और नंदी का ट्रीटमेंट करके इनके जीवन को बचाया जा सकता है।
गौ रक्षा विभाग ने निराश्रित घायल गाय और नंदी के ट्रीटमेंट को लेकर ट्रामा सेंटर का निर्माण करवाने की मांग डीएम से की। साथ ही उन्होंने गौ रक्षा विभाग ने कहा कि पपड़ासू में बन रहे गौ धाम निर्माण के पास सार्वजनिक शौचालय बनाया जाए। उन्होंने डीएम से कहा कि जनपद मुख्यालय के प्रवेश द्वार पपड़ासू गांव में विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) की ओर से गौ रक्षा धाम का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें बाजारों में निराश्रित घूम रही गाय और नंदी का संरक्षण किया जायेगा। साथ ही गौ रक्षा विभाग की ओर से वर्तमान समय में गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ ही उनके लिए समय-समय घास-चारे की व्यवस्था भी की जा रही है। गौ रक्षा विभाग इन निराश्रित गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर बदीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के सिरोबगड़ के ठीक सामने पपड़ासू गांव में गौ धाम का निर्माण कर रहा है। ऐसे में गौ धाम में आने वाले भक्तों के लिए सार्वजनिक शौचालय निर्माण किया जाना आवश्यक है। गौ रक्षा विभाग ने डीएम से स्वजल विभाग को सार्वजनिक शौचालय निर्माण को लेकर निर्देश देने की मांग भी की है। ज्ञापन में गौ रक्षा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष थानापति मणि महेश गिरी महाराज, जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी, महामंत्री विमल चौहान, भूप्रेन्द्र जगवाण, कोषाध्यक्ष संदीप कप्रवाण सचिव देवेन्द्र बिष्ट, प्रचार प्रसार मंत्री राहुल पटवाल, प्रवीन रावत, अंकित राणा, मुकेश कंडारी, अंकित चन्द्र भट्ट के हस्ताक्षर शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!