उत्तराखंडखास खबरेंगांव

स्वारी ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग के निर्माण से  तल्ला नागपुर में तीर्थाटन – पर्यटन व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ।  विगत 20 सितम्बर को वरिष्ठ भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत के जन समर्थन में तल्ला नागपुर चोपता के चांदधार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के द्वारा क्षेत्रीय जनता को दिये गये आश्वासन के अनुरूप यदि प्रदेश सरकार द्वारा स्वारी – ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग की विधिवत घोषणा की जाती है तो सीमान्त ग्राम पंचायत घिमतोली का चहुंमुखी विकास होने के साथ स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होने के साथ प्राकृतिक सुंदरता के मध्य विराजमान उसनतोली बुग्याल व सुरगंगा के उदगम स्थल को विशिष्ट पहचान मिलेगी तथा अन्य पैदल ट्रैकों का समुचित विकास सम्भव है। बता दे कि तल्ला नागपुर की सीमान्त ग्राम पंचायत घिमतोली का स्वारी ग्वास गांव क्रौंच पर्वत की तलहटी व पतित पावनी सुरगंगा के किनारे बसा है। ग्वास – कार्तिक स्वामी पैदल ट्रैक पर्यटकों व सैलानियों की पहली पसन्द बनता जा रहा है परिणाम स्वरूप पर्यटन व सैलानी समय – समय पर ग्वास – उसनतोली – कार्तिक स्वामी पैदल ट्रैक पर ट्रेकिंग कर ग्वास गांव सहित उसनतोली बुग्याल की प्राकृतिक छटा से रूबरू होते है। विगत 16 मार्च को बैग्लौर के आठ सदस्यीय दल ने ग्वास – उसनतोली – कार्तिक स्वामी पैदल ट्रैक पर ट्रेकिंग कर वहाँ की सुन्दरता से रूबरू हुए तथा समय – समय पर अन्य प्रदेशों के पर्यटक व सैलानी इस पैदल ट्रैक से रुबरु होकर प्रकृति भरपूर लुफ्त उठाते हैं। जून माह में कार्तिक स्वामी तीर्थ में होने वाले महायज्ञ में भगवान कार्तिक स्वामी की रुपछडी़ भी इस पैदल ट्रैक से कार्तिक स्वामी पहुंचती है तथा महायज्ञ समापन के बाद पुनः स्वारी ग्वास वापस पहुंचती है। स्वारी ग्वास में कई वर्षों बाद होने वाले पाण्डव नृत्य में इसी पैदल ट्रैक से पाण्डव पश्वा सुरगंगा के उदगम स्थल पहुंचकर गंगा स्नान करते हैं तथा गंगा स्नान के बाद कार्तिक स्वामी तीर्थ यात्रा इसी पैदल ट्रैक से होती है। क्षेत्रीय जनता द्वारा स्वारी ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग निर्माण की मांग लम्बे समय से की जा रही थी जिसका संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने विगत 20 जुलाई को तल्ला नागपुर चोपता चांदधार में स्थानीय जनता को आश्वासन दिया कि आने वाले 15 दिनों में प्रदेश सरकार द्वारा स्वारी ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग की विधिवत घोषणा की जायेगी। उनके आश्वासन से ग्राम पंचायत घिमतोली सहित तल्ला नागपुर की जनता में भारी उत्साह बना हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमतोली अर्जुन सिंह नेगी का कहना है कि स्वारी ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग से सम्पूर्ण तल्ला नागपुर में तीर्थाटन – पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। प्रधान बसन्ती नेगी का कहना है कि मोटर मार्ग निर्माण से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होगे तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह नेगी ने बताया कि पूर्व में वन विभाग द्वारा नागनाथ – अगस्त्यमुनि 6 फीट जीप मार्ग का निर्माण करने से स्वारी ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग का निर्माण आधी लागत से हो सकता है तथा इस मोटर मार्ग पर पुल निर्माण की जरूरत नहीं है। सामाजिक कार्यकर्ता पंचम नेगी, दीप राणा, राकेश रावत लक्ष्मण बर्त्वाल का कहना है कि उक्त मोटर मार्ग से तल्ला नागपुर में तीर्थाटन पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के अन्य पैदल ट्रैक भी विकसित होगें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!