कांग्रेस प्रत्याशी ने उखीमठ ब्लॉक के गांवों में किया जनसंपर्क, जनता का मांगा आशीर्वाद

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। केदारनाथ विधान सभा उपचुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही कांग्रेस ने अपना प्रचार प्रसार तेज कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और गढवाल लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गौदियाल ने संयुक्त रुप से ऊखीमठ ब्लॉक के विभिन्न गावों में जनसम्पर्क और नुक्कड सभाऐं की।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी ने उखीमठ ब्लॉक के विभिन्न गाँवों में जनसंपर्क किया, जहाँ उन्हे ग्रामीणों का अपार जनसमर्थन मिला। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मनोज रावत ने कहा कि सरकार लगातार आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है ।
और आज ल्वारा गाँव में एनएच के अधिकारी मुआवजे का चैक लेकर वोटरों को प्रलोभन देने पहुँच रहे हैं । अपनी नुक्कड़ सभा में उन्होने कहा कि आपने मुझे पांच साल के लिए चुना और मैंने केदारनाथ की हर लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ी थी। उन्होने सरकार पर आरोप लगाया कि 31 जुलाई को आई आपदा में स्थानीय लोगों को केदारनाथ से घर वापसी के दौरान हैली सेवा देने के लिए मना कर दिया गया। उन्होने कहा कि भाजपा धाम विरोधी है । उन्होने कहा कि भाजपा धामों की जमीनो पर कब्जा कर बडे पूंजीपतियों को देने की तैयारी कर रही है।
वहीं गणेश गोदियाल ने बेरोजगारी के मुद्दे पर लोगों को समझाते हुए कहा कि गाँवो में युवा बेरोजगार है । उनकी नौकरी ना लगने की वजह से युवाओं की शादी नहीं हो रही है। उन्होने कहा कि कांग्रेस की सरकार ही रोजगार दे सकती है ।
और तभी बेरोजगार युवाओं की शादी हो पाएगी। इस बात को नारे का रुप देते हुए उन्होने कहा अबकी बारी कांग्रेस लाएगी ब्वारी। उन्होने कहा कि वो अपने जीवन में पहली बार देख रहे हैं कि शराब की दुकानों की भी शाखाऐं खुल रही हैं ।सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि मसूरी में हजारों बीघा जमीन सरकार एक पूंजी पति को देदी गई है । और अब सरकार की नजर चोपता पर है । तभी वहाँ से स्थानीय लोगों को बेदखल किया जा रह है । उन्होने कहा कि हमारे पूर्वजों ने केदारधाम से हमारा भर पोषण किया और हम अपने बच्चों का कर रहे हैं । लेकिन ये सरकार केदारनाथ धाम से सबको बेदखल करने वाली है।इस दौरान चमोली जिलाध्यक्ष कांग्रेस मुकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे ।



