उत्तराखंडगांवपर्यावरणफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी में चला स्वच्छता अभियान, कार्तिकेय मन्दिर समिति व व्यापारियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कार्तिक स्वामी तीर्थ में कार्तिकेय मन्दिर समिति एवं स्थानीय व्यापारियों के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तीर्थ क्षेत्र, यात्रा मार्ग, सार्वजनिक स्थलों में फैले कूड़े-कचरे का निस्तारण कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कार्तिकेय मन्दिर समिति पदाधिकारियो व व्यापारियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

स्वच्छता अभियान में मन्दिर समिति के पदाधिकारियों, व्यापार संघ के सदस्यों, स्थानीय युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने यात्रा पैदल मार्ग , स्कन्द नगरी आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही लोगों से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का खुले में निस्तारण न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कार्तिक स्वामी तीर्थ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केन्द्र है। ऐसे में तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इस अवसर पर कार्तिकेय मन्दिर समिति एवं स्थानीय व्यापारियों ने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय आयोजनों की व्यापक एवं सकारात्मक कवरेज करने के लिए मीडिया का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा क्षेत्र की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित किए जाने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे जनहित के संदेश भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं।
मन्दिर समिति प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी ने कहा कि भविष्य में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्कन्द नगरी को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, उप प्रबंधक रमेश सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी, सूरजी देवी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी, पंकज सिंह नेगी, चयन सिंह नेगी सहित मन्दिर समिति पदाधिकारी, सदस्य व व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!