गौशाला का दरवाजा तोड़ गुलदार ने पशुओं को बनाया निवाला

गौशाला का दरवाजा तोड़ गुलदार ने पशुओं को बनाया निवाला,
घटना में दो बैल एक भैंस की मौत
फाटा। केदारघाटी के गांवों में जहां भालू का आतंक लगातार बना हुआ है वहीं सोमवार को सीमांत गांव त्रियुगीनारायण में देर रात्रि गुलदार के हमले में गौशाला में बंधे दो बैल और एक भैंस की मौत हो गई। इस घटना से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
सीमांत गांव त्रियुगीनारायण के परसारी तोक में देर रात्रि वीरेंद्र प्रसाद घिल्डियाल की गौशाला में बंधी दो बैल और एक भैंस को गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़ मवेशियों को अपना निवाला बना दिया। वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रातः जब गौशाला की ओर गए तो देखा गौशाला का दरवाजा टूटा पड़ा हुआ था, अंदर जाने पर भीतर की स्थिति देख हतप्रद रह गए। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे।
वहीं इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्राम प्रधान रुचि देवी ने बताया कि बीते कुछ दिन पूर्व गांव में भालू का आतंक बना हुआ था और अब गुलदार के हमले में मवेशियों की मौत हो गई। उन्होंने वन विभाग से गांव में गश्त करने सहित सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



