केदारनाथ यात्रा पर आश्रित व्यवसायियों ने यात्रा में हो रही समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

केदारनाथ यात्रा पर आश्रित व्यवसायियों ने यात्रा में हो रही समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
रुद्रप्रयाग/ केदारघाटी। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में यात्रा पड़ावों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर आज व्यपार मंडल, घोड़ा खच्चर ट्रेड यूनियन एवं जीप टेक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी सोनप्रयाग सुरेश बलूनी के माध्यम से जिलाधिकारी के लिए ज्ञापन प्रेषित किया।
विभिन्न समस्याओं को लेकर भेजे गए ज्ञापन में गौरीकुंड व्यापार मंडल अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि पूर्व में सोनप्रयाग बैरियर खुलने का समय शाम 4:00 बजे तय हुआ था। जिसका वर्तमान में कोई भी निर्धारित समय नहीं है। अधिकारी अपनी मर्जी से बैरियर बंद करते हैं, जिस कारण व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा भी माइक पर अनाउंस करके बताया जा रहा है कि गौरीकुंड में रहने की कोई व्यवस्था नहीं है। लेकिन वहां पर यात्री रात्रि 8:00 बजे तक केदारनाथ के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा व्यापारियों ने कहा कि जरूरी सामान के ट्रकों को 2 दिन तक सीतापुर में रोका जा रहा है, जहां गौरीकुंड में सामान के ट्रकों को खड़े होने की पूरी जगह है। किन्तु वहां पर केदारनाथ में निर्माण कार्य करने वाली कंपनियों का सामान पड़ा है। कहा कि गौरीकुंड में पार्किंग में खड़े दुपहिया वाहनों को हटवाने के लिए भी अधिकारियों से बार-बार आग्रह किया गया है, किंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। वहीं उन्होंने बताया कि गौरीकुंड में लगातार पेयजल संकट बढ़ रहा है, इसके चलते जल संस्थान के कर्मचारियों की संख्या बढ़ाये जाने की मांग की गई है । घोड़ा खच्चर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष गोविंद सिंह रावत ने बताया कि डंडी, कंडी, हॉकर आदि मजदूरों के लाइसेंस भी बढ़ाए जाए।
वहीं सोनप्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित गैरोला ने कहा कि बाजार में दोपहर एक बजे बाद पुलिस के एनाउंस करते ही यात्रियों को सीतापुर जाने के लिए कहा जाता है जिस से सोनप्रयाग में होटल लॉज खाली रह जाते हैं ,साथ तीर्थ यात्री सोनप्रयाग प्रातः दो बजे पाहुँचा रहा है रात्रि में उन्हें यहां आने नहीं दिया जा रहा है। साथ बाजार में शौचालय की पूर्ण व्यवस्था न होने से यात्रियों को खासी दिक्कतें हो रही हैं।
सभी व्यवसायियों ने जिलाधिकारी से शीघ्र समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही अन्यथा की स्थिति में 12 मई से सोनप्रयाग,गौरीकुंड में संपूर्ण व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करने की चेतावनी भी दी।
जीप टैक्सी वाहन स्वामियों ने समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन
शहीद गोविंद सिंह राणा टैक्सी ऑनर्स कल्याण समिति गुप्तकाशी ने जिलाधिकारी को उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन भेजा। जिसमें समिति ने कहा कि ऋषिकेश में गुप्तकाशी यूनियन के लोगों पर अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। साथ ही सोनप्रयाग पार्किंग संचालकों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार व धमकी देने वालों पर उचित कार्यवही की जाय। साथ ही। सोनप्रयाग से गौरीकुंड शटल सेवा वाली सड़क को दुरुस्त किया जाय।
टैक्सी ऑनर्स समिति ने ज्ञापन में कहा कि ऋषिकेश में हमारी टैक्सी यूनियन गुप्तकाशी के ड्राइवरों मालिकों के साथ ऋषिकेश बस डिपो के लोगों द्वारा मारपीट व अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, और हमारे वाहनों के टायरों से हवा निकालने के मामले भी सामने आ रहे हैं। जबकि सोनप्रयाग पार्किंग में पार्किंग संचालकों द्वारा भी हमारे वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इन मामलों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई की जाय। इसके साथ ही सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक हाईवे को गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित गौरीकुंड तक पहुंचाया जा सके। इसके अलावा कहा कि सीतापुर और सोनप्रयाग में जटाशंकर चौक पर यूनियन की लोकल सेवा वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है, जिस कारण त्रिजुगीनारायण गौरीकुंड सोनप्रयाग के लोकल व्यापारियों और यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से समस्त समस्याओं के उचित निस्तारण की मांग की है। ज्ञापन में टैक्सी ओनर कल्याण समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सचिव रजनीश गैरोला के हस्ताक्षर मौजूद थे।



