उत्तराखंडकृषिगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

ग्राम छिनका की महिला कृषक अनीता देवी एकीकृत कृषि से बनी आत्मनिर्भर

महिला कृषक बनीं प्रेरणा, ग्रामोत्थान परियोजना से मिला सहयोग

रुद्रप्रयाग। विकासखण्ड अगस्त्यमुनि के ग्राम छिनका की अनीता देवी एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर आधुनिक एवं सफल कृषक के रूप में उभरी हैं। ग्रामोत्थान परियोजना, रुद्रप्रयाग के अंतर्गत शिवशक्ति स्वयात्त सहकारिता महड़ के सदस्यों द्वारा उनका चयन व्यक्तिगत उद्यमी के रूप में किया गया।

परियोजना के तहत अनीता देवी को ₹75,000 की सहयोग धनराशि उपलब्ध कराई गई। साथ ही ₹1,50,000 का बैंक ऋण स्वीकृत कराया गया तथा ₹75,000 की धनराशि स्वयं लाभार्थी द्वारा निवेश की गई। इस प्रकार कुल ₹3,00,000 की लागत से उन्होंने अपने एकीकृत कृषि उद्यम की शुरुआत की।

वर्तमान में अनीता देवी द्वारा 65 बकरी पालन, 12 मुर्गी पालन, 02 भैंस पालन तथा 01 पॉलीहाउस का सफल संचालन किया जा रहा है। एकीकृत कृषि मॉडल के माध्यम से वे दुग्ध उत्पादन, मांस उत्पादन, अंडा उत्पादन तथा सब्जी उत्पादन जैसे विविध स्रोतों से आय अर्जित कर रही हैं। स्थानीय बाजारों में ही उत्पादों का विक्रय कर वे नियमित आय प्राप्त कर रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।

मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, पशुपालन एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हुए महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें।

अनीता देवी की सफलता यह दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग एवं दृढ़ संकल्प के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!