उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

ऊखीमठ में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

लक्ष्मण सिंह नेगी

तहसील प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन प्रेषित
ऊखीमठ। तहसील मुख्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्त्रियों ने हाथों में तख्तियां लेकर रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। गुरिल्ला संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के आन्दोलन को अपना समर्थन दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने कहा कि लंबे समय से वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।
कार्यकर्त्रियों ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ोतरी, नियमितीकरण, सेवानिवृत्ति पर पेंशन व्यवस्था, कार्य के अनुरूप सुविधाएं तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें बेहद कम मानदेय में अधिक कार्य करना पड़ रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है। आन्दोलन को अपना समर्थन देने पहुंची गुरिल्ला संगठन जिलाध्यक्ष बसन्ती रावत ने कहा कि 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री विगत 11 अप्रैल से तहसील मुख्यालय में आन्दोलनरत है मगर आज तक शासन – प्रशासन का नुमाइंदा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की सुध लेने नहीं पहुंचा।
प्रदर्शन के उपरांत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें अपनी सभी मांगों को विस्तार से रखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेगी।
इस दौरान तहसील मुख्यालय पर काफी देर तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे क्षेत्र में हलचल बनी रही। इस मौके पर स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष रंजना अवस्थी, उपासना सेमवाल, उपाध्यक्ष अनीता नेगी, कोषाध्यक्ष कल्पेश्वरी देवी, सचिव सीमा देवी, सुनीता भट्ट सहित भारी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रिया मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!