भारी बर्फ के बीच जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया गौरीकुंड से केदारनाथ धाम पैदल मार्ग एवं निर्माण कार्यो का स्थलीय निरीक्षण

वर्ष 2025 केदारनाथ धाम की यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए केदारनाथ यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों को तत्परता एवं गुणवत्ता के साथ करने के दिए निर्देश
रामबाड़ा से गरुड़चट्टी तक नए पैदल मार्ग का चल रहा निर्माण कार्य
रूद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर गौरीकुंड – केदारनाथ यात्रा मार्ग सहित धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कौंडे के साथ धाम पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता डीडीएमए विनय झिंक्वाण को केदारनाथ धाम में सीमेंट एवं कंक्रीट के कार्य को छोड़कर निर्माणाधीन भवनों के अंदर जो भी अन्य कार्य किए जाने हैं उन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी श्रमिक कार्य कर रहे हैं उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने श्रमिकों से बातचीत करते हुए उनकी हौंसला अफजाई की तथा कहा कि सभी लोग विषम कठिन परिस्थितियों में भारी बर्फवारी में कार्य कर रहे हैं इसके लिए उन्होंने सभी श्रमिकों को बधाई दी। सभी को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने हेतु कहा गया। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर सभी श्रमिक उत्साहित दिखे। अधिशासी अभियंता डीडीएमए को बीते 31 जुलाई को आई आपदा से जो यात्रा मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था तथा जो भी कार्य किया जा रहा है उस कार्य को त्वरित गति से तथा गुणवत्ता के साथ यात्रा शुरू होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा आगामी यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा एवं परेशानी न हो जिससे कि यात्रा को सुव्यवस्थित संचालित की जा सके।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कौंडे ने केदारनाथ धाम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों की हौंसला अफजाई करते हुए कहा कि सभी कार्मिक अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। तथा केदारनाथ धाम की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
अधिशासी अभियंता डीडीएमए विनय झिंक्वाण ने कहा कि केदारनाथ धाम से लेकर केदारनाथ यात्रा मार्ग में चल रहे निर्माण कार्यो को शीघ्रता से कराने के लिए लगभग 250 श्रमिक कार्य कर रहे हैं तथा यात्रा मार्ग में लगभग 10 स्थानों पर वर्तमान समय में कार्य गतिमान है। इसमें रामबाड़ा से गरुड़चट्टी तक नए पैदल मार्ग का भी कार्य किया जा रहा है।




